खेल
मैनपाट टाइटंस ने जीता छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का खिताब:
रायपुर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में मैनपाट की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया।
टीम ने चार गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीम दो गोल ही कर सकी। मुकाबले के पहले क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस के आनंद लाकड़ा ने पेनल्टी के जरिए गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर किया। दूसरे क्वार्टर में प्रह्लाद ने फील्ड गोल कर मैनपाट को फिर आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच मुकाबला तेज रहा। संस्कारधानी की ओर से सरिख अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, जबकि मैनपाट की ओर से संदीप ठाकुर ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने दो फील्ड गोल कर मैनपाट की जीत पक्की कर दी।
फाइनल मुकाबले के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मौजूद रहे। लीग के ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस मौके पर उपस्थित थे।
रणजी ट्रॉफी...छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 216 रन बनाए:
रणजी ट्रॉफी 2026-27 में छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दूसरे दिन छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 8 विकेट पर 216 रन बना लिए हैं। टीम अभी आंध्र प्रदेश से 15 रन पीछे है। अमनदीप खरे 74 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ क्रीज पर मौजूद बल्लेबाज के सामने टीम को बढ़त दिलाने की चुनौती होगी।
मुलापाडु के डीवीआर स्टेडियम में 26 से 29 अक्टूबर तक खेले जा रहे इस मुकाबले में आंध्र प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम पहली पारी में 73.2 ओवर में 231 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। एसवी राहुल ने सबसे ज्यादा 89 रन बनाए। शशिकांत ने 31 और शेख राशिद ने 24 रन का योगदान दिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से गेंदबाजी में जयंत यादव ने 4 विकेट लेकर आंध्र प्रदेश की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। अजय मंडल ने 3 और धर्मेंद्र सिंह जडेजा ने 2 विकेट लिए।
आंध्र प्रदेश के 231 रन के जवाब में छत्तीसगढ़ की शुरुआत के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाज अमनदीप खरे ने पारी संभाली। वह 74 रन बनाकर नाबाद है।
भोपाल में होगा नेशनल पैरा केनो चैंपियनशिप
रायपुर
19वीं राष्ट्रीय पैरा केनो चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ की टीम भोपाल रवाना हो गई है। भारतीय कायाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 28 अक्टूबर तक भोपाल के लोअर लेक में किया जाएगा।
रवाना होने से पहले टीम के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कायाकिंग-कैनोइंग एसोसिएशन के अध्यक्ष बलदेव सिंह भाटिया से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एसोसिएशन के सचिव अभिजीत मिश्रा, सहसचिव प्रशांत सिंह रघुवंशी और अमरजीत छाबड़ा सहित डॉ. नवीन बाफना और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की ओर से प्रेमजीत कुमार, होरी लाल यादव, विभीषण कुमार, करण सोनी, लक्की सोनी, पिंटू राम साहू, कुलदीप मिंज, चंचला पटेल और सुनील कुमार हिस्सा लेंगे। टीम के कोच दिनेश कुमार साहू और मैनेजर राकेश सिंह ठाकुर हैं।
आज से शुरू होंगे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले:
रायपुर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले सीजन के दो मुकाबले आज शाम को सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे। पहले महिला टीमों के बीच एग्जीबिशन मैच होगा।
इसके बाद रात 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा। प्रदेश में पहली बार हो रही इस फ्रेंचाइजी आधारित हॉकी लीग में छह टीमें खिताब के लिए उतरेंगी।
पहले मैच में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स की टक्कर
लीग का पहला मुकाबला शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच होगा। दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी। इससे पहले शाम 5:30 बजे महिला टीमों के बीच एग्जीबिशन मैच खेला जाएगा।
इसके जरिए दर्शकों को पुरुषों के लीग मुकाबले से पहले महिला हॉकी देखने का मौका मिलेगा। लीग में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।
सभी टीमों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के साथ दूसरे राज्यों के अनुभवी खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है।
लीग के मुकाबले 22 से 29 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को रेस्ट डे रहेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल होंगे। पहले सेमीफाइनल में अंक तालिका में पहले और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें भिड़ेंगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा। फाइनल 1 नवंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा।
लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसके जरिए प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देने की कोशिश की जा रही है।
आज से छत्तीसगढ़ हॉकी लीग, 6 टीमें खेलेंगी:सीएम साय करेंगे उद्घाटन,
रायपुर
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन बुधवार को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे लीग की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। लीग के मुकाबले 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेले जाएंगे।
इस लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी खेलेंगे। प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का मौका मिलेगा।
लीग के सभी मुकाबले रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होंगे। प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे शुरू होगा। पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा।
स्टेडियम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी शामिल होंगे।
रायपुर में इंडिया की नजर क्लीन स्वीप पर
रायपुर
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच आज रायपुर में खेला जाएगा। शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में मैच शाम 7 बजे शुरू होगा।
स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय टीम सीरीज के पहले दोनों मैच जीत चुकी है। अब टीम की नजर तीसरा मैच जीतकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी।
16 अक्टूबर को खेले गए पहले मैच में जिम्बाब्वे ने 5 विकेट पर 114 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 19 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने 49 और निकी प्रसाद ने नाबाद 39 रन बनाकर टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई।
18 अक्टूबर को दूसरे मैच में जिम्बाब्वे की टीम 8 विकेट पर 102 रन ही बना सकी। जवाब में शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों पर 55 रन और स्मृति मंधाना ने 25 गेंदों पर नाबाद 47 रन बनाए। दोनों के बीच 96 रन की ओपनिंग साझेदारी हुई। भारत ने 8.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारतीय टीम तीसरा मैच जीतकर सीरीज में क्लीन स्वीप करना चाहेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की कोशिश आखिरी मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर पहली जीत दर्ज करने की होगी।
जिम्बाब्वे को 67 गेंद रहते 9 विकेट से हराया:महिला T20 - नौवें ओवर में जीता भारत, सबसे तेज जीत
रायपुर
जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 की घरेलू सीरीज में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
रविवार को सीरीज के दूसरे मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया। 103 रन का लक्ष्य भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में 67 गेंद बाकी रहते सिर्फ 8.5 ओवर में हासिल कर लिया। यह महिला टी20 में 100+ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे तेज जीत है।
इससे पहले वेस्ट इंडीज ने 2026 में ही जिम्बाब्वे के खिलाफ 107 रन का लक्ष्य 65 गेंद शेष रहते हासिल किया था। भारत की ओर से शेफाली वर्मा (55 रन, 25 गेंद) और कप्तान स्मृति मंधाना (47* रन, 25 गेंद) ने तूफानी पारियां खेलीं।
दोनों के बीच 7.5 ओवर में पहले विकेट के लिए 96 रन की साझेदारी हुई। यह दोनों खिलाड़ियों के बीच इस साल नौवीं 50+ रन की साझेदारी रही, जो महिला क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर का रिकॉर्ड है। प्लेयर ऑफ द मैच शेफाली ने एक कैलेंडर ईयर में रिकॉर्ड नौवीं बार 50 रन का आंकड़ा पार किया।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी कर रही जिम्बाब्वे की टीम निर्धारित 20 ओवर में 102/8 के स्कोर तक पहुंच सकी। स्मृति के नेतृत्व में भारत की यह पहली सीरीज जीत है।
शैफाली बोलीं- रायपुर से जुड़ी हैं मेरी यादें:कहा- स्टेट लेवल डेब्यू यहीं हुआ, जिम्बाब्वे से मैच से पहले बोलीं- हमारा फोकस फियरलेस खेलने पर
रायपुर
भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम के बीच आज शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार बाइलेटरल (द्विपक्षीय) सीरीज शुरू होगी। मुकाबले से पहले भारतीय टीम की उपकप्तान शैफाली वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की तैयारी, अपनी वापसी, फिटनेस, बल्लेबाजी और उपकप्तान की जिम्मेदारी पर बात की।
उन्होंने कहा कि टीम का फोकस निडर होकर क्रिकेट खेलने और समझदारी से फैसले लेने पर है। इसे लेकर टीम में बैठकें भी हुई हैं। सभी खिलाड़ियों को अपनी भूमिका पता है। शैफाली ने बताया कि वह पहले भी छत्तीसगढ़ में खेल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने महिला क्रिकेट को नई पहचान दी है।
उपकप्तान शैफाली ने बताया कि टीम से बाहर रहने के दौरान उन्होंने अपनी कमियों को समझने के लिए अपने खेल का एनालिसिस किया। इस दौरान उनका फोकस लगातार, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर रहा।
शैफाली ने कहा कि वह अंडर-19 वर्ल्ड कप में कप्तानी कर चुकी हैं, इसलिए उन्हें नेतृत्व का अनुभव है। उनके मुताबिक, उपकप्तान होना सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्हें टीम के हर खिलाड़ी का ध्यान रखने, उसे सहज महसूस कराने और कप्तान की मदद करने की जिम्मेदारी निभानी है, ताकि सभी खिलाड़ी अच्छे मानसिक माहौल में खेल सकें।
पूर्व भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की तारीफ करते हुए शैफाली ने कहा कि महिला क्रिकेट को आज इस मुकाम तक पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि टीम टी-20 में निडर होकर खेलने के साथ समझदारी से फैसले लेने पर भी जोर दे रही है।
टीम का लक्ष्य चैंपियंस ट्रॉफी तक खेलने के इस अंदाज को और बेहतर करना है
मिडिल ऑर्डर को लेकर शैफाली ने कहा कि जेमिमा रोड्रिग्स रिकवर कर रही हैं। एशिया कप और एशियन गेम्स के दौरान टीम को मिडिल ऑर्डर में अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला है। उन्होंने ऋचा घोष और हरमनप्रीत कौर की पारियों का जिक्र किया।
साथ ही निकी के प्रदर्शन से भी उम्मीद जताई। शैफाली ने कहा कि टीम अलग-अलग खिलाड़ियों को मौके देकर अपनी कमियों को पहचानने और उनमें सुधार करने की कोशिश करेगी।
शैफाली वर्मा ने दो बार ICC प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसे अवॉर्ड मैदान के पीछे की गई मेहनत का एहसास कराते हैं। इससे गर्व महसूस होता है और आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
CHL के लिए 6 टीमों के फाइनल स्क्वॉड घोषित:132 खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में; 21 अक्टूबर से रायपुर में होंगे मुकाबले
रायपुर
छत्तीसगढ़ में पहली बार फ्रेंचाइजी आधारित हॉकी लीग होने जा रही है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के लिए 6 टीमों के फाइनल स्क्वॉड घोषित कर दिए गए हैं। टूर्नामेंट 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसमें कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हर टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। टीमों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के साथ दूसरे राज्यों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी शामिल किए गए हैं।
इस लीग का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन का खेल एवं युवा कल्याण विभाग कर रहा है। इसका मकसद राज्य के खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर खेलने का मौका देना और उन्हें अनुभवी खिलाड़ियों के साथ मैदान साझा करने का अवसर देना है।
लीग में हर फ्रेंचाइजी के साथ एक प्रमुख खिलाड़ी यानी मार्की प्लेयर जोड़ा गया है। ये खिलाड़ी अपनी टीम की पहचान होंगे और युवा खिलाड़ियों को मैदान पर अनुभव का लाभ दे सकेंगे। न्यायधानी नाइट्स की कमान सुरेंद्र कुमार के पास होगी।
मैनपाट टाइटंस की अगुवाई प्रदीप मोर करेंगे। चक्रधर चैंपियंस के प्रमुख खिलाड़ी एसवी सुनील होंगे। राजधानी रॉयल्स की कमान ललित कुमार उपाध्याय संभालेंगे। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के साथ शमशेर और बैलाडीला बुल्स के साथ चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम जुड़े हैं।
इन खिलाड़ियों के पास राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी का अनुभव है। इनके साथ खेलने से युवा खिलाड़ियों को खेल की रणनीति, मैदान पर फैसले लेने और दबाव में प्रदर्शन करने जैसी चीजें सीखने का मौका मिल सकता है।
लीग की हर टीम में 22 खिलाड़ी रखे गए हैं। इनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के होंगे, जबकि 4 खिलाड़ी राज्य के बाहर से आएंगे। इस तरह सभी 6 टीमों में मिलाकर 108 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ के और 24 खिलाड़ी दूसरे राज्यों या अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़े होंगे।
छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आमतौर पर राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। फ्रेंचाइजी आधारित लीग में उन्हें अलग-अलग टीमों के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा। इससे खेल की गति, रणनीति और प्रतिस्पर्धा को समझने में मदद मिल सकती है।
लीग में 108 स्थानीय खिलाड़ियों की भागीदारी का प्रावधान है। इससे राज्य के खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। हालांकि, खिलाड़ियों के प्रदर्शन और लीग के आयोजन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि उन्हें आगे के करियर में कितना फायदा मिलता है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे। टूर्नामेंट में 6 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। लीग का आयोजन राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है।
रायपुर में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज:दोनों टीमें पहुंची, 16, 18, 20 अक्टूबर को मुकाबले, E-टिकट से मिलेगी एंट्री
रायपुर
रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का रोमांच जल्द शुरू होने वाला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन स्मृति मंधाना और उनकी टीम रविवार शाम रायपुर पहुंची। वहीं जिम्बाब्वे की टीम आज (सोमवार) को रायपुर पहुंच चुकी है। उसके बाद दोनों टीमें प्रैक्टिस भी करेंगी।
इन दोनों टीमों के बीच 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे।
15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा।
दर्शकों की सुविधा के लिए टिकट ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। ई-टिकट स्कैन करने के लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की सुविधा रहेगी। टिकट के साथ तय संख्या में पार्किंग पास दिए जाएंगे। स्टेडियम और पार्किंग क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। दर्शकों के लिए खाने-पीने की चीजों और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था भी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और VIP आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की भी व्यवस्था रहेगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
2 जुलाई 2026 को NGT ने अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर समेत 3 स्टेडियमों में ट्रिब्यूनल की मंजूरी के बिना आगे मैच कराने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मैच कराने की मंजूरी मांगी गई। सुनवाई के बाद NGT ने 3 मैचों के लिए रोक हटा दी।
भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज, कैप्टन स्मृति मंधाना रायपुर पहुंचीं:कल प्रैक्टिस करेगी टीम इंडिया
रायपुर
रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच टी-20 सीरीज का रोमांच जल्द शुरू होने वाला है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कैप्टन स्मृति मंधाना रविवार शाम रायपुर पहुंचीं। टीम की बाकी खिलाड़ी भी आज ही पहुंचेंगी। जिम्बाब्वे की टीम कल पहुंचेगी।
दोनों टीमों के बीच तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। सीरीज का पहला मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। दोनों टीमें कल प्रैक्टिस भी करेंगी।
रायपुर पहुंचने के अगले दिन यानी 12 अक्टूबर को भारतीय टीम अभ्यास करेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की महिला टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और 13 अक्टूबर को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। इसके बाद दोनों टीमें सीरीज के मुकाबलों के लिए मैदान पर उतरेंगी।
15 सदस्यीय टीम में ऋचा घोष, जी. कमलिनी, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, जिन्तिमणि कलिता और मिन्नू मणि भी शामिल हैं। तीनों मैच रायपुर में होने से स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों को छह दिनों में तीन अंतरराष्ट्रीय मैच देखने का मौका मिलेगा।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में मैचों की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी बनाई गई है। इसमें पुलिस, खेल विभाग, परिवहन, पीडब्ल्यूडी, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा। स्टेडियम में एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपात स्थिति और VIP आवाजाही के लिए ग्रीन कॉरिडोर तय किया जाएगा। फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और इमरजेंसी रूट की भी व्यवस्था रहेगी। बिजली और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा बनाए रखने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को दी गई है।
2 जुलाई 2026 को NGT ने अंतरिम आदेश जारी कर रायपुर समेत 3 स्टेडियमों में ट्रिब्यूनल की अनुमति के बिना आगे खेल गतिविधियां कराने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद इंटरनेशनल महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन के लिए अनुमति मांगी गई थी। मामले की सुनवाई के बाद NGT ने 3 मैचों के लिए यह रोक संशोधित कर दी।
महिला टी-20 मैचों के लिए भारत-जिम्बाब्वे की टीमें पहुंचेंगी रायपुर:
रायपुर
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें टी-20 मैच खेलने के लिए रायपुर पहुंचेंगी। भारतीय टीम 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को पहुंचेगी। मैचों के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को दोनों टीमों के बीच मैच खेले जाएंगे। मैचों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सामान तय कीमत से ज्यादा दाम पर न बेचा जाए। साथ ही, पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा।
कलेक्टर ने आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरणों की व्यवस्था करने और जिला सेनानी के साथ समन्वय कर उनका पहले से परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दर्शकों के आने-जाने और मेडिकल सुविधाओं की उचित व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस बार टिकट केवल ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा खलखो, रायपुर ग्रामीण एएसपी अभिषेक झा, एडीएम उमाशंकर बंदे, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा स्पर्धा का रंगारंग समापन रायपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन, मंत्री गजेंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
गोविंद राम ब्यूरो चीफ.
बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर।
पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता की तीनों विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं मंत्री यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा की।
मंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन और विभिन्न संस्कृतियों को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से सीख लेकर निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
भारत को एशियन गेम्स में छठा गोल्ड:
नगोया, जापान
भारत ने एशियन गेम्स के 4x400 मीटर महिला रिले रेस में गोल्ड जीत लिया है। टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी की। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत को 6 गोल्ड मिल गए हैं।
मंगलवार को भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार छठी बार 50 मेडल का आंकड़ा भी पार किया। एशियन गेम्स हर 4 साल में होते हैं और 2006 से भारत हर बार 50 या ज्यादा मेडल जीत रहा है।
इससे पहले गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32.75 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता। वे 10 हजार और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं। वे मेडल की हैट्रिक करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने।
इधर, नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीता। 10 दिन पहले फ्लू की वजह से अस्पताल में भर्ती रहीं नीरू इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। एशियन गेम्स के 10वें दिन भारत ने 8 मेडल जीते। टीम के कुल मेडल 53 हो गए हैं और मेडल टेबल में 10वें स्थान पर है।
10 दिन पहले जब नीरू फ्लू की वजह से हॉस्पिटल में एडमिट थीं, तो 5 दिनों तक कुछ खा-पी नहीं पाई थीं। तब उनके कोच मनशेर सिंह ने उन्हें बीमारी भुलाकर अपना सब कुछ झोंक देने के लिए प्रेरित किया था।
जीत के बाद नीरू ने कहा, ‘मनशेर सर ने बस यही कहा कि जो हुआ उसे भूल जाओ और निशाने पर ध्यान लगाओ, और मैंने वही किया।’
भारत को आज व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला गोल्ड मिला। नीरू ने गोल्ड जीता। इससे पहले इस गेम्स का पहला गोल्ड पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड इवेंट में आया। शूटिंग में 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल मिल चुके हैं। इस इवेंट में अब तक 14 मेडल आ चुके हैं।
भारत ने 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में 41.06 सेकेंड के साथ ब्रॉन्ज जीता। चीन 40.78 सेकेंड के साथ गोल्ड और थाईलैंड 40.87 सेकेंड के साथ सिल्वर रहा।
गुरिंदरवीर सिंह ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई, स्नेहा ने लय बनाए रखी। अनिमेष को थाईलैंड के बूनसन ने पीछे छोड़ा, लेकिन आखिरी लेग में हरिता ने बेहतरीन दौड़ लगाकर भारत को पोडियम तक पहुंचाया। पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज जीता। उन्होंने 1.84 मीटर की ऊंचाई पार की। 1.87 मीटर पर उनके तीनों प्रयास असफल रहे।
महिला टीम के गोल्ड के बाद पुरुष टीम गोल्ड की उम्मीद लेकर उतरी, लेकिन ब्रॉन्ज जीत सकी। जापान ने गोल्ड और कतर ने सिल्वर जीता। भारत के लिए मनु टी. और विशाल टीके ने दूसरे और चौथे लेग में मजबूत प्रदर्शन किया, लेकिन टीम जापान और कतर की बराबरी नहीं कर सकी।
भारतीय टीम में धर्मवीर चौधरी, मनु टी., जय कुमार और विशाल टीके शामिल थे।
कोहली-गिल के शतक से भारत ने वेस्टइंडीज को हराया:
तिरुवनंतपुरम
भारत ने वेस्टइंडीज को पहले वनडे में 8 विकेट से हरा दिया है। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वेस्टइंडीज ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 295 रन बनाए। जवाब में भारत ने 41.4 ओवर में 2 विकेट पर 300 रन बनाकर मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल रहे। विराट कोहली ने 88 बॉल पर नाबाद 139 रन की पारी खेली। उन्होंने 10 चौके और 9 सिक्स लगाए। कोहली ने वनडे में 55वां और इंटरनेशनल क्रिकेट में 86वां शतक लगाया।
कोहली वनडे में सबसे तेज 15 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने 303 पारियों के साथ सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। सचिन ने 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 377 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
कप्तान शुभमन गिल ने वनडे करियर का 10वां शतक लगाया। उन्होंने 108 बॉल पर 110 रन की पारी खेली। गिल ने 13 चौके और एक सिक्स लगाया। इससे पहले वेस्टइंडीज ने टॉस हारकर पहले बैटिंग की। जस्टिन ग्रीव्स ने 108 गेंदों पर 101 रन की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
थिम्मप्पैया मेमोरियल टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ की शानदार जीत
रायपुर
कर्नाटक के बेंगलुरु में खेले जा रहे थिम्मप्पैया मेमोरियल इनविटेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में छत्तीसगढ़ ने मध्यप्रदेश को 6 विकेट से हरा दिया। मैच के चौथे दिन छत्तीसगढ़ ने 183 रन का टारगेट 50 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
अजय मंडल ने 60 रन की पारी खेली, जबकि सनिध्य हुरकट ने 47 और विकल्प तिवारी ने नाबाद 35 रन बनाए। कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित यह टूर्नामेंट 1 सितंबर से शुरू हुआ है।
छत्तीसगढ़ का पहला मुकाबला मध्यप्रदेश के साथ बेंगलुरु में खेला गया। मध्यप्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। टीम ने पहली पारी में 93.4 ओवर में 9 विकेट पर 290 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
मध्यप्रदेश की ओर से शुभम शर्मा ने शानदार 105 रन बनाए। यश दुबे ने 69 रन की पारी खेली। छत्तीसगढ़ के लिए मयंक यादव और संदीप वॉरियर ने 3-3 विकेट लिए। पहली पारी में छत्तीसगढ़ ने 109.2 ओवर में सभी 10 विकेट खोकर 310 रन बनाए। टीम की ओर से अनुज तिवारी ने 83 रन बनाए। सनिध्य हुरकट ने 55 रन की पारी खेली। इसके अलावा विकल्प तिवारी ने 46 और जयंत यादव ने नाबाद 42 रन बनाए। मध्यप्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय और रवि किरण ने 3-3 विकेट लिए।
मध्यप्रदेश ने छत्तीसगढ़ के सामने जीत के लिए 183 रन का टारगेट रखा। छत्तीसगढ़ ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 184 रन बना लिए और मैच 6 विकेट से अपने नाम कर लिया।
अजय मंडल ने 60 रन की अहम पारी खेली। सनिध्य हुरकट ने 47 रन बनाए, जबकि विकल्प तिवारी 35 रन बनाकर नाबाद रहे। मध्यप्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने 2 विकेट लिए।
मैच में छत्तीसगढ़ की जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों का योगदान रहा। पहली पारी में मयंक यादव और संदीप वॉरियर ने 3-3 विकेट लिए। दूसरी पारी में अजय मंडल और संदीप वॉरियर ने भी 3-3 विकेट झटके।
बल्लेबाजी में अनुज तिवारी ने पहली पारी में 83 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में अजय मंडल की 60 रन की पारी ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
राज्य के सबसे बड़े टेनिस टूर्नामेंट सूर्या-कप का फाइनल कल:
रायपुर
राजधानी में चल रहे टेनिस क्रिकेट के सबसे चर्चित टूर्नामेंट सूर्या कप सिल्वर लीग का फाइनल मुकाबला अब तय हो गया है। फाइनल में पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना की टीमें आमने-सामने होंगी।
दोनों टीमों के बीच 4 सितंबर को नवा रायपुर के डीबी 2 ग्राउंड पर सुबह 9 बजे से खिताब के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी। सूर्या कप का यह 8वां सीजन है। टूर्नामेंट में रायपुर की 44 टीमों ने हिस्सा लिया और करीब 900 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। आयोजकों के मुताबिक इस सीजन में कुल 220 मैच खेले गए। इस बार टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि अच्छी-खासी प्राइज मनी भी रखी गई है। चैंपियन टीम को 5 लाख रुपए का कैश प्राइज मिलेगा। इसके अलावा कुल 10 टीमों को अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
सूर्या कप की खास बात यह है कि यहां ऐसे खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिलता है, जिन्हें बड़े लेवल के टूर्नामेंट में आसानी से प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता। टेनिस क्रिकेट के जरिए कई लोकल खिलाड़ी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
आयोजक रिजवान सूर्या ने बताया अलग-अलग कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ईवी बाइक देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों को कई कैटेगरी में आवार्ड दिए जाएंगे।
फाइनल में अब पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना की टक्कर होगी। दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां तक पहुंचे हैं। ऐसे में फाइनल में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों और फील्डिंग का प्रदर्शन भी मैच का रुख तय कर सकता है।
पूरे टूर्नामेंट में 220 मैचों के बाद अब नजरें फाइनल पर हैं। पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना में से जो टीम आखिरी मुकाबला जीतेगी, वह सूर्या कप सिल्वर लीग के 8वें सीजन की चैंपियन बनेगी। जीत के साथ टीम के खाते में 5 लाख रुपए की प्राइज मनी भी जाएगी।