बाफना-हाउस प्रतिष्ठान में फंदे से लटकी मिली युवती
जगदलपुर
जगदलपुर के बाफना हाउस प्रतिष्ठान में एक 19 साल की युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवती की पहचान दीपा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक सप्ताह से इस प्रतिष्ठान में काम कर रही थी। परिजनों का कहना है कि, यह प्रतिष्ठान पूर्व विधायक संतोष बाफना का है। घटना के बाद परिजनों ने युवती की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
उनका आरोप है कि युवती के हाथों और शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
परिजन और मृतिका की मौसी के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच परिजनों की दीपा से फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करूंगी। इसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों का कहना है कि रात करीब 9:30 बजे तक जब दीपा घर नहीं पहुंची तो उन्होंने प्रतिष्ठान के स्टाफ से उसके बारे में पूछा।
स्टाफ ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से गायब है और उसका मोबाइल प्रतिष्ठान में ही छूट गया है। स्टाफ के लोग मोबाइल घर पहुंचाने आए। इसके बाद परिजन बाफना हाउस पहुंचे। दुकान बंद मिली। वहीं आज सुबह दोबारा आए। फिर दुकान के ऊपर जाकर देखने पर दीपा का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने शव की स्थिति और शरीर पर चोट के निशान को लेकर संदेह जताया है।
परिजन दुकान के बाहर पहुंच कर रोते-बिलखते दिखे। उन्होंने पुलिस से सभी पहलुओं की जांच करने की मांग की है। साथ ही दुकान के CCTV खंगालने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दुकान मालिक संतोष बाफना हैं जो पूर्व MLA हैं और BJP के बड़े नेता हैं। बड़े लोग हैं इसलिए केस को दबा दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।