क्राइम

खेत से मोटर पंप चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी, पूछताछ में कबूली चोरी..

सारंगढ़-बिलाईगढ़//

खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए मोटर पंप की चोरी के मामले में सारंगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया मोटर पंप ग्राम बोईरडीह के मुक्तिधाम के पास से बरामद कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सिंचाई के लिए लगाए मोटर पंप पर चोरों ने किया हाथ साफ

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अशोक साहू निवासी बोईरडीह ने 1 नवंबर 2026 को थाना सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने ग्राम मोहनी टिकरा स्थित अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर पंप लगाया था, जिसे 26 अक्टूबर की दरम्यानी रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बोईरडीह के खेमराज डहरिया और फिरतु सिदार एक पुराना मोटर पंप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदेहियों को थाना लाकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अशोक साहू के खेत से मोटर पंप चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का पंप उन्होंने गांव के मुक्तिधाम के पास छिपाकर रखा है।

निशानदेही पर बरामद हुआ चोरी का मोटर पंप

पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखा गया मोटर पंप बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेमराज डहरिया (23 वर्ष), पिता मुनुराम डहरिया और फिरतु सिदार (35 वर्ष), पिता रहस सिदार, दोनों निवासी बोईरडीह थाना सारंगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद यादव, सहायक उपनिरीक्षक कलीराम कुर्रे, प्रधान आरक्षक सोनसाय यादव, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर और आरक्षक सुरेश अनंत का सराहनीय योगदान रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image