26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा स्पर्धा का रंगारंग समापन रायपुर संभाग बना ओवरऑल चैंपियन, मंत्री गजेंद्र यादव ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
गोविंद राम ब्यूरो चीफ.
बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर।
पंडित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समापन हुआ। पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वज अवरोहण कर प्रतियोगिता के समापन की घोषणा करते हुए विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता की तीनों विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए रायपुर संभाग ने ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। वहीं मंत्री यादव ने बलौदाबाजार में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) खोलने की घोषणा की।
मंत्री ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन और विभिन्न संस्कृतियों को जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से सीख लेकर निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।