राज्य के सबसे बड़े टेनिस टूर्नामेंट सूर्या-कप का फाइनल कल:
रायपुर
राजधानी में चल रहे टेनिस क्रिकेट के सबसे चर्चित टूर्नामेंट सूर्या कप सिल्वर लीग का फाइनल मुकाबला अब तय हो गया है। फाइनल में पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना की टीमें आमने-सामने होंगी।
दोनों टीमों के बीच 4 सितंबर को नवा रायपुर के डीबी 2 ग्राउंड पर सुबह 9 बजे से खिताब के लिए जोरदार टक्कर देखने को मिलेगी। सूर्या कप का यह 8वां सीजन है। टूर्नामेंट में रायपुर की 44 टीमों ने हिस्सा लिया और करीब 900 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। आयोजकों के मुताबिक इस सीजन में कुल 220 मैच खेले गए। इस बार टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं, बल्कि अच्छी-खासी प्राइज मनी भी रखी गई है। चैंपियन टीम को 5 लाख रुपए का कैश प्राइज मिलेगा। इसके अलावा कुल 10 टीमों को अलग-अलग कैटेगरी में पुरस्कार दिए जाएंगे।
सूर्या कप की खास बात यह है कि यहां ऐसे खिलाड़ियों को भी खेलने का मौका मिलता है, जिन्हें बड़े लेवल के टूर्नामेंट में आसानी से प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाता। टेनिस क्रिकेट के जरिए कई लोकल खिलाड़ी अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
आयोजक रिजवान सूर्या ने बताया अलग-अलग कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ईवी बाइक देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दर्शकों को कई कैटेगरी में आवार्ड दिए जाएंगे।
फाइनल में अब पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना की टक्कर होगी। दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां तक पहुंचे हैं। ऐसे में फाइनल में बल्लेबाजों के साथ गेंदबाजों और फील्डिंग का प्रदर्शन भी मैच का रुख तय कर सकता है।
पूरे टूर्नामेंट में 220 मैचों के बाद अब नजरें फाइनल पर हैं। पीटीएस माना और शिव शक्ति सरोना में से जो टीम आखिरी मुकाबला जीतेगी, वह सूर्या कप सिल्वर लीग के 8वें सीजन की चैंपियन बनेगी। जीत के साथ टीम के खाते में 5 लाख रुपए की प्राइज मनी भी जाएगी।