महिला टी-20 मैचों के लिए भारत-जिम्बाब्वे की टीमें पहुंचेंगी रायपुर:
रायपुर
भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमें टी-20 मैच खेलने के लिए रायपुर पहुंचेंगी। भारतीय टीम 11 अक्टूबर और जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को पहुंचेगी। मैचों के टिकटों की ऑनलाइन बिक्री 12 अक्टूबर को शाम 4 बजे से शुरू होगी।
शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 16, 18 और 20 अक्टूबर को दोनों टीमों के बीच मैच खेले जाएंगे। मैचों की तैयारियों को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण आयोजन है। मैच देखने आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि सामान तय कीमत से ज्यादा दाम पर न बेचा जाए। साथ ही, पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा।
कलेक्टर ने आग से बचाव के लिए जरूरी उपकरणों की व्यवस्था करने और जिला सेनानी के साथ समन्वय कर उनका पहले से परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दर्शकों के आने-जाने और मेडिकल सुविधाओं की उचित व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि मैच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस बार टिकट केवल ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा खलखो, रायपुर ग्रामीण एएसपी अभिषेक झा, एडीएम उमाशंकर बंदे, छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ और बीसीसीआई के प्रतिनिधियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।