रायपुर की वायरल दुर्गा-प्रतिमा का विसर्जन.
रायपुर
राजधानी के श्याम नगर में स्थापित मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा का नवरात्रि के बाद विसर्जन कर दिया गया। इस बार प्रतिमा सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही। नवमी के दिन माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
श्याम नगर में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा को देखने के लिए शहर के अलग-अलग इलाकों से लोग पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर प्रतिमा की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद इसे लेकर लोगों में खासा उत्साह था। नवमी के दिन उमड़ी भीड़ ने इस आयोजन को राजधानी के प्रमुख दुर्गोत्सवों में शामिल कर दिया।
श्याम नगर में मां दुर्गा की स्थापना और आयोजन में गौरा-गौरी समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष जय गोफन, उपाध्यक्ष मंजिंदर सिंघ और अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।
सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। मां को विदाई देते समय माहौल भक्तिमय और भावुक हो गया। ‘आसछे बोछोर आबार होबे’ यानी अगले साल फिर मां का आगमन होगा, इसी विश्वास के साथ महिलाओं ने मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी। इस आयोजन में बंगाली संस्कृति और परंपरा की सुंदर झलक देखने को मिली।