खेल

भारत को एशियन गेम्स में छठा गोल्ड:

नगोया, जापान

भारत ने एशियन गेम्स के 4x400 मीटर महिला रिले रेस में गोल्ड जीत लिया है। टीम ने 3 मिनट 29.69 सेकेंड में रेस पूरी की। इसके साथ ही एशियन गेम्स में भारत को 6 गोल्ड मिल गए हैं।

मंगलवार को भारतीय टीम ने एशियन गेम्स में लगातार छठी बार 50 मेडल का आंकड़ा भी पार किया। एशियन गेम्स हर 4 साल में होते हैं और 2006 से भारत हर बार 50 या ज्यादा मेडल जीत रहा है।

इससे पहले गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर रेस में 13 मिनट 32.75 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता। वे 10 हजार और 1500 मीटर में सिल्वर जीत चुके हैं। वे मेडल की हैट्रिक करने वाले पहले भारतीय पुरुष धावक बने।

इधर, नीरू ढांडा ने विमेंस ट्रैप शूटिंग में गोल्ड जीता। 10 दिन पहले फ्लू की वजह से अस्पताल में भर्ती रहीं नीरू इस इवेंट में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। एशियन गेम्स के 10वें दिन भारत ने 8 मेडल जीते। टीम के कुल मेडल 53 हो गए हैं और मेडल टेबल में 10वें स्थान पर है।

10 दिन पहले जब नीरू फ्लू की वजह से हॉस्पिटल में एडमिट थीं, तो 5 दिनों तक कुछ खा-पी नहीं पाई थीं। तब उनके कोच मनशेर सिंह ने उन्हें बीमारी भुलाकर अपना सब कुछ झोंक देने के लिए प्रेरित किया था।

जीत के बाद नीरू ने कहा, ‘मनशेर सर ने बस यही कहा कि जो हुआ उसे भूल जाओ और निशाने पर ध्यान लगाओ, और मैंने वही किया।’

भारत को आज व्यक्तिगत स्पर्धा का पहला गोल्ड मिला। नीरू ने गोल्ड जीता। इससे पहले इस गेम्स का पहला गोल्ड पिस्टल शूटिंग के मिक्स्ड इवेंट में आया। शूटिंग में 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल मिल चुके हैं। इस इवेंट में अब तक 14 मेडल आ चुके हैं।

भारत ने 4x100 मीटर मिक्स्ड रिले में 41.06 सेकेंड के साथ ब्रॉन्ज जीता। चीन 40.78 सेकेंड के साथ गोल्ड और थाईलैंड 40.87 सेकेंड के साथ सिल्वर रहा।

गुरिंदरवीर सिंह ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई, स्नेहा ने लय बनाए रखी। अनिमेष को थाईलैंड के बूनसन ने पीछे छोड़ा, लेकिन आखिरी लेग में हरिता ने बेहतरीन दौड़ लगाकर भारत को पोडियम तक पहुंचाया। पूजा ने महिला हाई जंप में ब्रॉन्ज जीता। उन्होंने 1.84 मीटर की ऊंचाई पार की। 1.87 मीटर पर उनके तीनों प्रयास असफल रहे।

महिला टीम के गोल्ड के बाद पुरुष टीम गोल्ड की उम्मीद लेकर उतरी, लेकिन ब्रॉन्ज जीत सकी। जापान ने गोल्ड और कतर ने सिल्वर जीता। भारत के लिए मनु टी. और विशाल टीके ने दूसरे और चौथे लेग में मजबूत प्रदर्शन किया, लेकिन टीम जापान और कतर की बराबरी नहीं कर सकी।

भारतीय टीम में धर्मवीर चौधरी, मनु टी., जय कुमार और विशाल टीके शामिल थे।

Leave Your Comment

Click to reload image