कोंडागांव में पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से काटा
कोंडागांव
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के अरंडी गांव में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी दूसरी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात भी दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ तो भगनी ने कुल्हाड़ी से गोविंद के गले और सिर पर कई वार कर दिए। इससे पूर्व सरपंच की मौत हो गई। वारदात के बाद महिला मौके से फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद उसे बेडमा से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद भगनी उसके संपर्क में आई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। गोविंद ने भगनी से दूसरी शादी की और करीब 3 साल से साथ रह रहे थे।
वहीं महिला पहले पति की हत्या मामले में 10 साल जेल में रही थी। पुलिस के मुताबिक, गोविंद को भगनी के चरित्र पर शक था। वहीं, भगनी बार-बार उनसे पैसों की मांग करती थी। इन बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मामला केशकाल थाना क्षेत्र का है।
जांच और पूछताछ में पुलिस को मृतक की पत्नी भगनी नेताम (45) पर शक हुआ। घटना के बाद से वह घर से गायब थी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और लगातार पतासाजी के बाद उसे बेडमा से पकड़ लिया। पूछताछ में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, भगनी नेताम नारायणपुर जिले के ताड़ोकी की रहने वाली है। भगनी ने साल 2011 में अपने पहले पति की हत्या कर दी थी। अनबन और विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। करीब 10 साल जेल में रहने के बाद वह बाहर आई थी।