खेल

मैनपाट टाइटंस ने जीता छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का खिताब:

रायपुर

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल मुकाबले में मैनपाट टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 4-2 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में मैनपाट की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया।

टीम ने चार गोल दागकर मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीम दो गोल ही कर सकी। मुकाबले के पहले क्वार्टर में मैनपाट टाइटंस के आनंद लाकड़ा ने पेनल्टी के जरिए गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के अभिषेक यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर किया। दूसरे क्वार्टर में प्रह्लाद ने फील्ड गोल कर मैनपाट को फिर आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच मुकाबला तेज रहा। संस्कारधानी की ओर से सरिख अहमद ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया, जबकि मैनपाट की ओर से संदीप ठाकुर ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। चौथे क्वार्टर में मोहित नायक ने दो फील्ड गोल कर मैनपाट की जीत पक्की कर दी।

फाइनल मुकाबले के दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, गृह मंत्री विजय शर्मा और तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मौजूद रहे। लीग के ब्रांड एंबेसडर एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस मौके पर उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image