चंदखुरी में 26 से 28 सितंबर तक मानस महोत्सव
रायपुर
माता कौशल्या मंदिर परिसर चंदखुरी में 26 से 28 सितंबर तक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मानस महोत्सव एवं अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। ‘मानस दर्शन जीवन अर्पण-मानस ब्रह्म गर्भ’ थीम पर होने वाला यह आयोजन मानस मंथन-6.0 का छठवां वर्ष है। कार्यक्रम में मानस मंडलियों की प्रस्तुतियों के साथ संतों के प्रवचन और श्रीराम कथा होगी। चंदखुरी में पहले भी रामायण और मानस से जुड़े राज्य स्तरीय आयोजन होते रहे हैं।
पहले दिन कलश यात्रा के साथ होगा महोत्सव का शुभारंभ होगा। 26 सितंबर को कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे कलश यात्रा और माता कौशल्या देवी का नगर भ्रमण होगा। शाम 4 बजे से चंदखुरी, भिंभौरी बेमेतरा, सिवनी रायपुर और कौसरा बागबाहरा की मानस मंडलियां प्रस्तुति देंगी। शाम 7 बजे नारायण महाराज सत्संग में आशीर्वचन देंगे।
27 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दिन मानस गान, अलंकरण समारोह, आशीर्वचन और श्रीराम कथा होगी। कौशला पीठाधीश्वर श्री राजीव लोचन भी कथा और आशीर्वचन देंगे। शाम को रायपुर, दुर्ग, धमतरी, बेमेतरा, महासमुंद और बिलासपुर की मानस मंडलियां प्रस्तुति देंगी।
आयोजन में श्रीराज मानस संघ धमतरी, मां कौशल्या जिला मानस संघ रायपुर, जिला मानस संघ दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, श्रीराम किंकर शिष्य परिषद, श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान, श्री राजीव लोचन मानस संघ गरियाबंद और मां भद्रकाली जिला मानस संघ बेमेतरा समेत विभिन्न मानस संघों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। आयोजकों ने प्रदेशभर के श्रद्धालुओं से तीनों दिन चंदखुरी पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।