संस्कृति

जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबेगा रायपुर

रायपुर

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर रायपुर के मंदिरों में तैयारियां अंतिम दौर में है। 4 सितंबर को शुभ संयोगों में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया जा रहा है। इस्कॉन मंदिर में 3 से 5 सितंबर तक तीन दिवसीय महोत्सव होगा। इसमें प्रतियोगिताओं के साथ भजन-कीर्तन, महाभिषेक और छप्पन भोग होगा। वहीं, आज शाम इंडोर स्टेडियम में मैथिली ठाकुर और ग्रुप की भजन संध्या आयोजित की गई है।

इस बार अलग-अलग मंदिरों में विशेष पूजा, अभिषेक, भजन-कीर्तन और भोग की तैयारियां की गई हैं। जैतुसाव मठ में 11 क्विंटल मालपुआ और 1 क्विंटल पंजीरी का भोग लगेगा। वहीं, समता कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में 101 लीटर दूध से भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक किया जाएगा।

पुरानी बस्ती के श्री जैतुसाव मठ में 1 सितंबर से महाभोग की तैयारी शुरू होगी। 4 सितंबर को शाम 4 बजे भजन संध्या होगी। जन्मोत्सव पर ठाकुरजी का स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा। रात 12 बजे मंत्रोच्चार के साथ जन्म आरती होगी। भगवान को 11 क्विंटल मालपुआ और 1 क्विंटल पंजीरी का भोग लगाया जाएगा। 5 सितंबर को शाम 5 बजे से प्रसाद वितरण होगा।

समता कॉलोनी के राधाकृष्ण मंदिर में 4 सितंबर को सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 लीटर दूध से अभिषेक किया जाएगा। मंदिर और प्रतिमा का विशेष श्रृंगार कोलकाता के कारीगर कर रहे हैं। सुबह 9 बजे से झांकी दर्शन होंगे। रात 8 बजे से भजन और भक्तिमय कार्यक्रम होंगे। मध्यरात्रि में जन्मोत्सव के बाद महाआरती होगी। 5 सितंबर को राणी सती दादी का मंगल पाठ होगा।

शहर के सिटी कोतवाली में भी इस बार भी श्रीकृष्ण जन्म उत्सव मनाया जाएगा। यहां वासुदेव, देवकी, सैनिकों की वेशभूषा में कलाकार भगवान के जन्म का मंचन करेंगे। रात 12 बजते ही थाने की लाइट कुछ देर के लिए बंद कर दी जाएगी।

जिस प्रकार वासुदेव ने श्रीकृष्ण को टोकरी में रखा और उसे अपने सिर पर रखकर कारागार से बाहर निकले, ठीक उसी प्रकार का दृश्य यहां भी नजर आएगा। कोतवाली थाने से जयकारा लगाते हुए ठाकुर जी को सदर बाजार के गोपाल मंदिर ले जाया जाएगा।

सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर में 4 सितंबर की रात 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद पूजा-अर्चना होगी। 5 सितंबर को नंद महोत्सव मनाया जाएगा। भगवान को पालने में झुलाया जाएगा और श्रद्धालु भजन गाकर जन्म की खुशियां मनाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image