शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती का आज वर्धयन्ती महोत्सव:
रायपुर
द्वारका शारदा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानन्द सरस्वती महाराज का वर्धयन्ती महामहोत्सव रविवार को राजधानी के श्री शंकराचार्य आश्रम में मनाया जा रहा है। यतिप्रवर दण्डी स्वामी डॉ. इन्दुभवानन्द तीर्थ महाराज के सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से धार्मिक अनुष्ठान किए गए।
महामहोत्सव की शुरुआत सुबह 6 बजे मंगला आरती से हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे सिद्धेश्वर महादेव का पूजन और 10.30 बजे राजराजेश्वरी महात्रिपुर सुंदरी ललिता प्रेमाम्बा महारानी की श्रृंगार आरती की गई। सुबह 11 बजे से पार्थिव शिवलिंग पूजन, रुद्राभिषेक और भगवान सूर्य नारायण का अर्चन किया गया।
धार्मिक आयोजनों के बाद दोपहर 12.30 बजे भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम में वर्धयन्ती महामहोत्सव को लेकर दिनभर धार्मिक माहौल बना हुआ है और श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है।
कार्यक्रम के तहत शाम 5.30 बजे से 7.30 बजे तक सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे से भोग-भंडारा होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।