संस्कृति

चोरी गए मुकुट-आभूषण बरामद होने के बाद मां चंडी दाई का फिर हुआ भव्य श्रृंगार

   जांजगीर चांपा ब्लॉक  नवागढ़ महंत में पुलिस की पहल से लौटी श्रद्धालुओं की आस्था, महिला कमांडो टीम का भी गठन

नवागढ़

ग्राम महंत स्थित प्रसिद्ध मां चंडी दाई मंदिर में सोमवार को आस्था, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मंदिर से चोरी हुए मां के चांदी के मुकुट एवं सोने के आभूषणों की बरामदगी के बाद विधिवत शुद्धिकरण कर मां चंडी दाई का पुनः भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर पुलिस बैंड के साथ भरम बाबा मंदिर से मां चंडी दाई मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

कुछ दिन पूर्व मंदिर में चोरी की घटना से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल निर्मित हो गया था। जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सामग्री बरामद की। न्यायालय से सुपुर्दनामा में प्राप्त मुकुट एवं आभूषणों को विधि-विधान के साथ शुद्धिकरण के बाद मां को पुनः अर्पित किया गया।

पुलिस बैंड की धुन पर गूंजे मां के जयकारे

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में SDOP चांपा श्री लौकेश बंसल, DSP अजाक श्रीमती सतरूपा तारम, थाना प्रभारी नवागढ़ मणिकांत पाण्डेय, गणमान्य नागरिक श्री देवेश सिंह, पत्रकार साथी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

भरम बाबा मंदिर से निकली शोभायात्रा में पुलिस बैंड की मधुर धुनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मां चंडी दाई के जयकारों से पूरा ग्राम महंत गूंज उठा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

चोरी के बाद पुलिस की कार्रवाई बनी भरोसे की वजह

मंदिर में चोरी की घटना ने जहां श्रद्धालुओं की आस्था को झटका दिया था, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई और चोरी गए मुकुट-आभूषणों की बरामदगी ने पुलिस के प्रति ग्रामीणों का विश्वास और मजबूत किया। मां के पुनः श्रृंगार के साथ मंदिर में एक बार फिर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण नजर आया।

महंत में महिला कमांडो टीम का गठन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ग्राम महंत की सक्रिय महिलाओं को जोड़कर महिला कमांडो टीम का गठन किया।

यह टीम ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, अपराधों के प्रति जागरूकता तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहयोग करेगी।

पुलिस की कार्रवाई से चोरी का खुलासा ही नहीं हुआ, बल्कि मां चंडी दाई के मंदिर में फिर से आस्था का दीप भी प्रज्वलित हुआ। महंत में आयोजित यह पहल कानून-व्यवस्था के साथ सामुदायिक सहभागिता की एक मजबूत मिसाल बनकर सामने आई।

Leave Your Comment

Click to reload image