संस्कृति

विप्र सुरभि" बनी ब्राह्मण समाज की अमूल्य धरोहर : राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज।

       शिवरीनारायण में भव्य समारोह में हुआ पत्रिका का विमोचन, समाज की एकता, संस्कृति और साहित्य संरक्षण का दिया संदेश

ज़िला जांजगीर चांपा/

रिगनी। सर्व ब्राह्मण समाज बलौदा बाजार द्वारा आयोजित गरिमामय समारोह में "विप्र सुरभि" पत्रिका का भव्य विमोचन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

अपने आशीर्वचन में राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने कहा कि "विप्र सुरभि" केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि विप्र समाज की अमूल्य धरोहर है। इसे मूर्त रूप देने में समाज के अनेक साहित्यकारों ने अपनी लेखनी से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आने वाले समय में जब भी ब्राह्मण समाज के इतिहास, संस्कृति और योगदान का उल्लेख होगा, यह पत्रिका एक महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में स्मरण की जाएगी।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदियों से संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है। समाज का मूल मंत्र "सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः" आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के अनेक प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख करते हुए समाज को एकजुट होकर लोककल्याण और सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व ब्राह्मण समाज बलौदा बाजार के अध्यक्ष श्याम शुक्ला ने की। उन्होंने बताया कि श्रावण कृष्ण सप्तमी (5 अगस्त) के पावन अवसर पर यह आयोजन किया गया है और संयोगवश इसी दिन उनका जन्मदिवस भी है। उन्होंने सभी से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए भविष्य में समाज हित के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन विष्णु धर दीवान ने किया। समारोह में पूर्व विधायक नरेंद्र मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष अशोक तिवारी, प्रभा शुक्ला, संजय पांडे, राम शुक्ला, एस.पी. पांडे, यू.के. मिश्रा, नरेंद्र कुमार शुक्ला, राजकुमार तिवारी, सुशील तिवारी, अनुराग पांडे, शिव नरेश मिश्रा, छवि श्याम दुबे, अमर मिश्रा, उमाशंकर मिश्रा, रिचा द्विवेदी, अलका शर्मा, श्रद्धा दुबे, ममता शर्मा, स्वाति पांडे, नेहा बाजपेई सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों में रमेश यदु, रामाधार पटेल, निर्मल दास वैष्णव एवं हर्ष दुबे की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

Leave Your Comment

Click to reload image