संस्कृति

धीरेंद्र शास्त्री बोले-कथावाचक का बेटा कथावाचक बने तो आपत्ति क्यों?:

खजुराहो

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के बेटे देवांश को ट्रोल किए जाने पर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि डॉक्टर का बेटा डॉक्टर, किसान का बेटा किसान, पुलिसकर्मी का बेटा पुलिसकर्मी, नेता का बेटा नेता और अभिनेता का बेटा अभिनेता बन सकता है, तो कथावाचक का बेटा कथावाचक बने, इसमें आपत्ति क्यों है?

बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर की दक्षिण भारत के तिरुपति बालाजी में तीन दिवसीय कथा चल रही है। शनिवार देर शाम उन्होंने कथा में हिंदू समाज से आपसी मतभेद छोड़कर एकजुट रहने का आव्हान भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती है कि हिंदू ही हिंदुओं का विरोध कर रहे हैं।

देवांश ने कुछ समय पहले गुजरात के सोमनाथ में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में पहली बार सार्वजनिक मंच से भागवत पाठ किया था। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में मंच में देवकीनंदन ठाकुर ऊंचे मंच पर बैठे दिख रहे हैं। वहीं, थोड़ी दूर पर मौजूद एक सफेद रंग के सोफे पर देवांश ठाकुर भजन करते नजर आए।

इस बीच, पिता देवकीनंदन ध्‍यान से बेटे की तरफ देखते दिखे। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे सनातन परंपरा और पारिवारिक संस्‍कारों की विरासत बताने लगे, तो कुछ इसे धार्मिक क्षेत्र में बढ़ते परिवारवाद से जोड़ने लगे। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर के तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटे का नाम देवांश है। देवांश वर्तमान में 10वीं में पढ़ रहे हैं। देवांश ठाकुर ने बहुत कम उम्र में ही वैदिक ग्रंथों, भागवत कथा और संस्‍कृत श्‍लोकों का अध्‍ययन शुरू कर दिया था।

बागेश्वर सरकार ने कहा कि यदि किसी को किसी की कथा पसंद नहीं है, तो उसे सुनने मत जाइए, लेकिन सनातन परंपरा, संतों और कथावाचकों का सार्वजनिक उपहास नहीं होना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि मुस्लिम अपने धर्मगुरुओं का उपहास नहीं उड़ाते, तो हिंदुओं को भी संतों का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने आग्रह किया कि अपने ही संतों, मंदिरों और मठों पर लगातार आक्षेप करना अंततः सनातन समाज को ही कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि हिंदू आपसी खींचतान छोड़कर एक-दूसरे का सम्मान करें। सनातन के सम्मान के लिए एकजुट रहें।

Leave Your Comment

Click to reload image