विराट-अनुष्का प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे:
मथुरा
विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के अगले दिन मथुरा के वृंदावन पहुंचे। मंगलवार सुबह उन्होंने केली कुंज आश्रम में प्रेमानंद महाराज को दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया। पत्नी अनुष्का शर्मा भी साथ रहीं।
प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का से पूछा- प्रसन्न हो? इस पर मुस्कुराकर विराट ने कहा- हां। महाराज से करीब 7 मिनट दोनों ने अकेले में वार्तालाप की। महाराज ने आशीर्वाद दिया- जाओ, खूब आनंदित रहो, नाम जप करते रहो।
इस पर अनुष्का ने पूछा- बाबा क्या नाम जप से सबकुछ पूरा हो जाएगा? महाराज ने कहा- हां, सब पूरा होगा। यदि आप राधा-राधा जपते हो तो इसी जन्म में भगवत प्राप्ति हो जाएगी। इसमें कोई संशय नहीं और किसी साधनों की कोई जरूरत नहीं।
देखो हम जो कह रहे हैं, उसको समझो। बहुत अधिक नाम जपने की हमें चेष्टा नहीं करनी। कम संख्या हो, लेकिन मन लगा के जप करें। इसे अपना जीवन बना लो। फिर आप परिणाम खुद देख लेना। कोई घाटे का सौदा तो है नहीं।
विराट-अनुष्का ने होटल रेडिसन में स्टे किया। सुबह 7.20 बजे इनोवा कार से दोनों आश्रम पहुंचे। 9.40 बजे वहां से निकले। आश्रम में 2 घंटे 20 मिनट रहे। विराट-अनुष्का कार में मास्क लगाए बैठे थे। प्रेमानंद महाराज के आश्रम से जाने के करीब आधे घंटे बाद विराट-अनुष्का लौटे।
इस दौरान दोनों ने आश्रम के कामों को देखा-समझा। विराट कोहली का वृंदावन का यह तीसरा दौरा था। इससे पहले वह 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को वृंदावन आए थे। दोनों बार प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी।