संस्कृति

संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव में उमड़ी आस्था राम्हेपुर में चल रहा दिव्य आयोजन, दिनेशचन्द्र एवं चन्द्रचुड़ तिवारी कर रहे अमृतमयी कथा वाचन

इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली 


मुंगेली । विकासखंड लोरमी के ग्राम राम्हेपुर में स्वर्गीय श्रीमती लक्ष्मी देवी एवं जनक राम निर्मलकर की स्मृति में संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दिव्य आयोजन 25 नवंबर से 03 दिसंबर 2025 तक श्रद्धा एवं उत्साह के वातावरण में जारी है। कथा वाचन पंडित दिनेशचन्द्र तिवारी राजपुरोहित लोरमी एवं पंडित चन्द्रचुड़ तिवारी राजपुरोहित के पावन मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से प्रारंभ हो रहा है, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्मलाभ ले रहे हैं।कार्यक्रम के प्रथम दिवस 25 नवंबर को वेदी पूजन, गणेश स्थापना एवं गोकर्ण कथा के साथ ज्ञान यज्ञ की शुरुआत हुई।

दूसरे दिन 26 नवंबर को परीक्षित जन्म एवं 24 अवतार कथा का अमृतमयी प्रसंग सुनाया गया। तीसरे दिन 27 नवंबर को कपिल अवतार, सती चरित्र और ध्रुव चरित्र के मार्मिक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में भावविभोर कर दिया। चौथे दिन आज अजामिल कथा एवं प्रह्लाद चरित्र का दिव्य वर्णन किया गया, जिसमें बुरी संगति के दुष्परिणाम और भक्ति की महिमा का संदेश दिया गया। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक भंडारा का भी विधिवत आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्राम एवं आसपास क्षेत्रों के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

यह कार्यक्रम धार्मिक सामाजिक एकता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। आयोजनकर्ता जितेंद्र (जित्तू) निर्मलकर एवं श्रीमती निकिता निर्मलकर ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले इस आध्यात्मिक महाकुंभ का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सद्चरित्र एवं धर्म के प्रति जनजागरण को बढ़ावा देना है। आगामी दिनों में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन लीला, रुक्मिणी विवाह एवं सुदामा चरित्र जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। अंतिम दिवस 03 दिसंबर को विशाल भजन संध्या एवं पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह से परिपूर्ण यह आध्यात्मिक माहौल राम्हेपुर ग्राम के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर बन गया है।

Leave Your Comment

Click to reload image