मुंगेली शहर में गणेशोत्सव की धूम, विभिन्न पंडालों में विराजमान गणेश प्रतिमाएँ बने आकर्षण का केंद्र
इमरान खोखर मुंगेली
नगर में गणेशोत्सव पर्व की धूम देखने को मिल रही है। शहर के विभिन्न मोहल्लों, वार्डों और पंडालों में भगवान श्री गणेश की भव्य और आकर्षक प्रतिमाएँ विराजमान की गई हैं। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ पंडालों में पहुँचकर गणपति बप्पा की आराधना कर रही है और सुख-समृद्धि की कामना कर रही है।

शहर के प्रमुख स्थानों पर स्थापित प्रतिमाएँ आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कहीं धार्मिक झाँकियों के माध्यम से समाज को संदेश दिया जा रहा है, तो कहीं रंग-बिरंगी लाइटिंग और आधुनिक सजावट ने माहौल को और भी मनमोहक बना दिया है।
प्रतिदिन सुबह-शाम सामूहिक आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर भक्तिमय वातावरण का आनंद ले रहे हैं।
गणेशोत्सव के अवसर पर नगर में सामाजिक एकता और सद्भाव का अद्भुत उदाहरण भी देखने को मिल रहा है। सभी वर्गों और आयु वर्ग के लोग मिलकर उत्साह और उल्लास के साथ इस पर्व को मना रहे हैं।