जिला
आइसेक्ट कंप्यूटर कॉलेज चांपा के विद्यार्थियों ने किया खूंटाघाट और रतनपुर का शैक्षणिक भ्रमण, वनभोज का लिया आनंद
चांपा। आइसेक्ट कंप्यूटर कॉलेज चांपा द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं व्यवहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने खूंटाघाट एवं रतनपुर के विभिन्न दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया तथा प्राकृतिक वातावरण में आयोजित वनभोज का भरपूर आनंद उठाया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने खूंटाघाट जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद दल रतनपुर पहुंचा, जहां छात्रों ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्त्व वाले स्थलों का अवलोकन किया। शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास, स्थापत्य कला एवं पर्यटन के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
संस्था प्रमुख मूलचन्द गुप्ता का कहना है कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों में टीमवर्क, आत्मविश्वास और व्यवहारिक सीख को प्रोत्साहित करते हैं। इसीलिए इस तरह के आयोजन संस्थान प्रत्येक वर्ष करती है। विद्यार्थियों ने भी इसे एक यादगार अनुभव बताते हुए कहा कि कक्षा के बाहर किया गया यह शिक्षण और भ्रमण उन्हें नई दृष्टि और ऊर्जा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था के शिक्षकों एवं स्टाफ व सभी विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दिनभर मस्ती, सीख और रोमांच से भरे इस भ्रमण ने विद्यार्थियों के चेहरे पर उत्साह और खुशी की नई चमक भर दी।
समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए इंजीनियर वैदेही गुप्ता सम्मानित
चांपा। सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने वाली इंजीनियर वैदेही गुप्ता को प्रेस क्लब चांपा द्वारा आयोजित भव्य समारोह में “समाज रत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया। वैदेही गुप्ता लंबे समय से समाज कल्याण और जनजागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं, छात्राओं और स्लम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
वैदेही द्वारा प्रधानमंत्री जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने, महिलाओं और बच्चियों को स्वच्छता एवं सेनेटरी पैड के उपयोग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नि:शुल्क सेनेटरी पैड वितरण का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा चुनावी अवधि में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने हेतु प्रोत्साहित करना, विभिन्न विद्यालयों में बच्चियों को गुड टच-बैड टच एवं पॉक्सो एक्ट की जानकारी प्रदान करना, बच्चों को आत्मरक्षा के लिए कराटे प्रशिक्षण देना सहित कई सामाजिक पहलें वे निरंतर कर रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका परिषद चांपा के अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, समाजसेवी धीरेन्द्र बाजपेयी, छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर दुबे, नगर निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, प्रेस क्लब चांपा के अध्यक्ष कुलवन्त सिंह सलूजा, राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के प्रदेश संरक्षक अमोलक सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा वैदेही गुप्ता को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने पर वैदेही गुप्ता ने कहा कि समाज सेवा उनके जीवन का उद्देश्य है और आगे भी वे इसी तरह जरूरतमंदों के लिए कार्य करती रहेंगी। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
हरिनभट्ठा निवासी ओजस्वी पटेल का पीएससी में चयन सहकारी निरीक्षक के पद पर चयनित।
बिहान छत्तीसगढ़ गोविंद राम ब्यूरो के बलौदा बाजार
पलारी --छत्तीसगढ लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित 2024के जारी CGpscपरीक्षा परिणाम में पलारी विकास खण्ड के ग्राम हरिनभट्ठा निवासी सामान्य कृषक धनसाय पटेल के सुपुत्र ओजस्वी पटेल ने 149 रैंक हासिल कर सहकारिता निरीक्षक के पद पर चयनित हुए हैं।वे प्राथमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल तक का अध्ययन ग्राम हरिनभट्ठा में किया है 12वीं शा उच्च माध्यमिक विद्यालय कोंडागांव से। बीएससी स्नातक महासमुंद कालेज से एवं एमए पोस्ट ग्रेजुएशन डीके महाविद्यालय बलौदा बाजार से उत्तीर्ण किया है।वे अपने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल कर ग्राम हरिनभट्ठा एवं पलारी क्षेत्र का नाम रोशन किया है।सहकारिता निरीक्षक के पद पर चयनित होने पर वे अपने कामयाबी का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों को दिए हैं। परिवार गायत्री परिवार से जुड़ा हुआ है। ओजस्वी पटेल के चयन होने पर उनके माता-पिता एवं गुरुजनों के साथ समाज प्रमुख राजेन्द्र पटेल प्रदेश संयोजक पटेल समाज शिवनारायण पटेल उपकोषाध्यक्ष नरेश पटेल केशव पटेल लीला पटेल सहित ग्राम हरिनभट्ठा के सरपंच पूनम रोहित श्रेय, पूर्व सरपंच सुकदास बंजारे, सुनील कुर्रे,लोकनाथ पटेल, सुमंत कन्नौजे, भीष्म देव सोनवानी,सीता राम यादव,शिक्षक संजय पटेल, मोहन बंजारे, सोमनाथ साहू, बाबूलाल साहू, नरेश दीवान, नेमूसोनवानी, शिवबघेल, सुरेन्द्र बंजारे,अजय साहू ,टीकम दीवान, टिकेश्वर साहू,महेंद्र मानिकपुरी, किशुन सेन, तुका साहू, विनोद साहू,लेखू सेन, नरेंद्र पटेल, नारायण कन्नौजे,गिरवर साहू , रामेश्वर कन्नौजे,चन्द्रिका साहू, क्षेत्र के जनपद सदस्य कृष्णा आज़ाद, जिला पंचायत सदस्य रवि बंजारे, प्राचार्य टी आर ढीढी, सहित ग्रामवासियों तथा मरार पटेल समाज के लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दिए हैं।
तुंहर टोकन मोबाइल ऐप ने दिलाई घर बैठे टोकन की सुविधा
जांजगीर-चांपा / पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान खरीदी का महापर्व मनाया जा रहा है। जिले में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुगमता, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ जारी है। जिले में अकलतरा विकासखण्ड अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र अकलतरा में धान बेचने पहुँचे किसान श्री राकेश नायक ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्र में की गई व्यवस्थाएँ किसानों के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी के एक दिन पूर्व ही उन्होंने तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर लिया था। पहले टोकन के लिए सोसायटी में घंटों इंतजार और मशक्कत करनी पड़ती थी, लेकिन अब घर बैठे ऑनलाइन टोकन मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
किसान श्री नायक ने बताया कि उन्होंने 59.60 क्विंटल धान विक्रय हेतु धान उपार्जन केंद्र अकलतरा पहुँचे। केंद्र में उनके धान की नमी मापने से लेकर बारदाना उपलब्ध कराने, धान भराई, तौलाई सहित पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरी की गई। केंद्र में पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता के कारण किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय आदि सुविधाएँ भी अच्छी हैं, जिससे किसानों को धान विक्रय में काफी सुविधा मिल रही है।
किसान श्री नायक ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि सरकार के इन फैसलों से खेती अब और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है। उन्होंने किसान हितैषी नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।
विश्व बाल दिवस पर कक्षा 11वीं की कु. दीक्षा सारथी बनीं प्रतीकात्मक कलेक्टर
छात्र-छात्राओं, युवा पीढ़ी एवं जिलेवासियो से की तीन सार्थक अपील
जांजगीर-चांपा / विश्व बाल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं यूनिसेफ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में ज्ञान मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवागढ़ के कक्षा 11वीं की छात्रा कु.दीक्षा सारथी को 15 मिनट के लिए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे द्वारा प्रतीकात्मक कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। कु.दीक्षा ने छात्र-छात्राओं, युवा पीढ़ी एवं जिलेवासियो से तीन महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिनकी सभी अधिकारियों और उपस्थितजनों ने सराहना की।
महीने में एक दिन डिजिटल फास्टिंग करें - दीक्षा
कु.दीक्षा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और स्क्रीन के अधिक उपयोग से मानसिक थकान और परिवार से दूरी का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि महीने में एक दिन पूरी तरह स्क्रीन-फ्री डे मनाएं, इस दौरान लाइब्रेरी जाएं, प्रेरणादायी किताबें पढ़ें, खेलकूद और आउटडोर गतिविधियों में भाग लें माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के साथ समय बिताएं। उन्होंने कहा कि यह पहल मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और एकाग्रता बढ़ाने में बेहद मददगार होगी।
प्लास्टिक मुक्त जिला - हर घर से कपड़े का थैला निकले
कु. दीक्षा ने जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी नागरिकों से सहयोग मांगा। उन्होंने अपील की कि बाजार जाते समय हमेशा कपड़े, जूट या कागज का थैला साथ रखें। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। उन्होंने कहा कि हर नागरिक की छोटी पहल मिलकर एक बड़े बदलाव का रूप ले सकती है।
एक पेड़ माँ के नाम - अपनत्व से जुड़ा पर्यावरणीय संदेश
कु. दीक्षा ने कहा कि हर नागरिक अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा माँ के नाम से लगाएं तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें एवं अधिक हरियाली बढ़ाने के लिए साथियों को भी प्रेरित करें।
कलेक्टर ने दीक्षा को दी बधाई, सभी बच्चों को दी शुभकामनाएं
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने दीक्षा सारथी की सोच और नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की सृजनात्मक सोच समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी ताकत है। कलेक्टर ने सभी बच्चों को विश्व बाल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर यूनिसेफ के जिला समन्वयक श्री विनोद साहू, यूवोदय हसदेव के हीरो वालिंटियर्स सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा बाल सुरक्षा सप्ताह का किया गया समापन कार्यक्रम
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में 14 नवंबर 2025 को जांजगीर - चांपा पुलिस ने बाल सुरक्षा सप्ताह का प्रारंभ किया गया था। आज दिनांक को समापन कार्यक्रम एवं World's Children Day के अवसर पर DSP श्रीमती कविता ठाकुर के नेतृत्व में शासकीय बहु दिव्यांग गृह सह छात्रावास पेंड्री जांजगीर में समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
जहां छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सुमन शर्मा के कुशल मार्ग दर्शन में दिव्यांग बच्चों के द्वारा चित्रकला व खेलकूद में अपनी उत्कृष्ठ प्रतिभा का परिचय दिया गया।
* यातायात जांजगीर चांपा पुलिस की पहल, यातायात सुरक्षा बेहतर बनाने के लिए जांजगीर मुख्यालय में ट्रैफिक सिग्नल लाइट का किया शुभारंभ
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा यातायात सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में आज दिनांक को यातायात जांजगीर पुलिस द्वारा जांजगीर मुख्यालय कचहरी चौक, नेता जी चौक में ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया जिसका शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा किया गया। यह एक ऐसा उपकरण है जो सड़क के चौराहों पर यातायात को नियंत्रित करता है, और नियमों का पालन करवाने के लिए लाल, पीली और हरी बत्तियों का उपयोग करता।
ट्रैफिक सिग्नल लाइट का मतलब
* लाल बत्ती: इसका मतलब है कि आपको तुरंत रुक जाना चाहिए। स्टॉप लाइन, क्रॉसवॉक या चौराहे से पहले पूरी तरह से रुकना ज़रूरी है।
* पीली बत्ती: इसका मतलब है कि बत्ती जल्द ही लाल होने वाली है, इसलिए आपको रुकने के लिए तैयार रहना चाहिए, जब तक कि आप इतनी तेज़ी से चौराहे के पास न हों कि सुरक्षित रूप से रुक न सकें।
* हरी बत्ती: इसका मतलब है कि आप सुरक्षित रूप से चौराहे से आगे बढ़ सकते हैं, मुड़ सकते हैं या अपनी यात्रा जारी रख सकते हैं।
* लाल तीर: यह लाल बत्ती की तरह ही काम करता है, लेकिन यह एक विशिष्ट दिशा (जैसे बाएं या दाएं) के लिए होता है। इसका मतलब है कि उस दिशा में जाना प्रतिबंधित है।
ट्रैफिक सिग्नल शुभारंभ कार्यक्रम में जांजगीर के समाज सेवक असीम धरदीवान, अनुराग टिंकू शुक्ला, विक्की सिंह, शैल राठौर, उदय पाण्डेय, आर्यन सिंह, प्रकाश उपाध्याय, भोला राठौर, पप्पू शिवा, जिले के NCC आफिसर दिनेश चतुर्वेदी एवं NCC के छात्रगण उपस्थित रहे जिन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा यातायात ट्रैफिक सिग्नल लाइट के बारे में जानकारी साझा किया।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस द्वारा यातायात सुगमता, लोगो की सुविधा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूकता लाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल लाइट शुभारंभ किया गया है। अभी प्रारंभ में लोगो को समझाइश दी जा रही है कुछ दिनों पश्चात ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी
Vocal for local... स्थानीय उत्पादों के लिए जांजगीर चांपा के व्यापारी बने आवाज
आदिवासी गोंड समाज द्वारा महुआ शराब बनाना छोड़ कर 7 विभिन्न उत्पाद बनाए जा रहे है.. जिनको मार्केट उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय व्यापरियों ने उन्हें प्रोत्साहित करने सहमति दी.. आज एसपी ऑफिस मे एक कार्यक्रम मे संघ के अध्यक्ष सहित समाज के उत्पाद निर्माताओ के मध्य बिजनस मॉडल पर चर्चा हुई
कुमारी संगीता धीवर, हाई स्कूल बनाती बनी 15 min की एसपी जांजगीर चांपा
कुमारी संगीता धीवर, हाई स्कूल बनाती बनी 15 min की एसपी जांजगीर चांपा
यूनिसेफ के word children day के उपलक्ष्य मे बच्चों के empowerment program के तहत ये आयोजन हुआ
आदिवासी गोड समाज के लोगों ने "विजय श्री फाउंडेशन" के नाम से उत्पादों की लांचिग की
जांजगीर-चाम्पा पुलिस ब्रेकिंग न्यूज
* "ऑपरेशन उपहार" के तहत जिले को आदिवासी गोड़ समाज के बीच नशा मुक्ति आंदोलन में उनको स्वरोजगार दिलाने में एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर समाज और पुलिस पहुंची
* आदिवासी गोड समाज के लोगों ने "विजय श्री फाउंडेशन" के नाम से उत्पादों की लांचिग की
* समाज के द्वारा बनाये गये उत्पाद प्रोडक्ट का विजय श्री फाउंडेशन के नाम से पंजीकरण होकर विजयश्री के नाम से उत्पादों की लांचिंग कर आज दिनांक का पामगढ़ के सदभावना भवन में कलेक्टर श्री जन्मेवजय मोहवे (IAS) एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने लांचिंग किया।
* नशे जैसी बुराई पर जीत का प्रतीक एवं इससे संपत्ति का आगमन से प्रेरित है, "विजय श्री शब्द"
नशा मुक्ति समारोह में जिले के 10 गांव के आदिवासी गौड़ समाज के लगभग 300 लागे उपस्थित थे इसमें समाज के प्रमुख कटौद निवासी श्री शिवगोड़ सहित गांव बनारी, मुलमुला, कुटीघाट, सेमरिया, कमरीद, देवरी, खोरसी, कटौद, कोसा, बनाहिल, कोटमीसोनार के समाज के युवक/युवति एवं पुरुष महिलायें भारी संख्या में शामिल हुई इस समारोह में कृषि विभाग, पशुपालन, रेशम, उद्यानगी बैंक, जिला पंचायत (बिहान) सहित शासन को विभिन्न विभाग के अधिकारी आयें थे जिन्होंने अपनी विभाग से संबंधित जानकारियों दी इसके आलावा स्टेट बैंक द्वारा सभी गांव का खाता खुलाबाया जा रहा है जिससे इनके द्वारा बेचे गये उत्पाद उसी खाता में पैसा आ जायेगा। जिससे उनके चिजनेस का खाता खुल जायेगा।
दिनांक 18.11.2025 के शाम से ही पामगढ़ सङ्भावना भवन में उक्त गांव के आदिवासी गोड़ समाज के पुवागण आ गये थे और समाज के ही युवा उद्भी श्रवण गोड़ द्वारा इनको देर रात तक ट्रेनिंग दी गई और विभिन्न उद्पाद बनाये गये जिनमे ग्लास क्लीनर, कार सैन्यू, टायलेट क्लीनर आदि शामिल है, इन सभी का प्रदर्शिनिय लगायी गई थी जिसका भी कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक एवं समाज के लोगों ने अवलोकन किया मौके पर ही कई उत्पाद विक गये, जांजगीर-चाम्पा से कई व्यपारी समान खरिदने के लिए आयें दे।
इसी समाज की बेटी हीना गोड़ा पिता श्रवण गीड़ ने एक बहुत अच्छे प्रजेन्टेशन के माध्यम से बताया कि कैसे उसे स्कूल में और कई जगहों में शराब बनाने वाले समुह होने के कारण अपमान झेलना पड़ा, कैसे उन समस्याओं से बाहर जा सकते है। अंग्रेजी भाषा में बताये गड़े उसके प्रजेन्टेशन से कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित सभी शासकिय अधिकारी समाज के लोग बहुत प्रभावित हुए समाज की बच्ची पह अपने नीट की तैयारी कर रही है।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने खरौद उपार्जन केंद्र में धान खरीदी व्यवस्था का किया निरीक्षण धान बेचने पहुंचे किसान को माला एवं श्रीफल भेंटकर किया सम्मान
जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे आज खरौद उपार्जन केंद्र पहुंचे और वहाँ की संपूर्ण धान खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने केंद्र में धान बेचने आए किसान का फूलमाला पहनाकर एवं श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने किसान से खरीदी प्रक्रिया, व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर श्री महोबे ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। खरीदी प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु रूप से संचालित की जाए। उन्होंने बारदाना उपलब्धता, इंटरनेट सुविधा, पेयजल, छाया, बिजली, चबूतरा और पहुंच मार्ग जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शासन द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए, ताकि किसानों को केंद्र में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य अधिकारी श्री कौशल साहू सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रेस क्लब चाम्पा सम्मान समारोह में एनएचआरसीसीबी छत्तीसगढ़ प्रदेश एवं राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डॉ. सिंह समाज रत्न से सम्मानित
चांपा ।
प्रेस क्लब चांपा द्वारा शपथ एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया । जिनमें प्रशासनिक अधिकारी सामाजिक सेवा कार्यकर्ता वरिष्ठ जन के आदित्य में समस्त समाज सेवा के रूप में कार्यकर्ता मानवाधिकार कार्यकर्ता पत्रकारिता के क्षेत्र पर जुड़े पत्रकार एवं अतिथिगण शामिल हुए। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो के प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयुक्त सचिव डॉक्टर जतिन्दरपाल सिंह को मानवाधिकार कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन समाज कार्यों में सक्रियता एवं डॉक्टरेट उपाधि के लिए समाज रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। साथ ही पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ वरिष्ठ पत्रकार के रूप में उन्हें पत्रकार गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया ह वरिष्ठ पत्रकार के रूप में दैनिक समाचार पत्र के कार्यकारी संपादक भी हैं डॉक्टर सिंह ने इस सम्मान हेतु प्रेस क्लब चांपा के अध्यक्ष श्री कुलवंत सिंह सलूजा और समस्त प्रेस क्लब पदाधिकारी एवं सदस्यों को धन्यवाद व्यक्त करते आभार प्रकट किया।
ग्राम पंचायत कुलीपोटा में नवीन पंचायत भवन निर्माण से निखरी ग्राम विकास की दिशा
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेलखुरी में बाल दिवस पर हुई रंगोली प्रतियोगिता,विजेता हुए सम्मानित ।
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेलखुरी में शुक्रवार को बड़ी धूमधाम से बाल दिवस मनाया।कार्यक्रम की शुरुआत भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के छायाचित्र में धूप प्रज्जवलन कर की। इस अवसर पर शाला परिसर में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित हुई जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
उत्कृष्ट स्थान प्राप्त छात्राओं को स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब बेलखुरी के युवाओं ने कॉपी,पेन,शीश और पहाड़ा से सम्मानित की।शाला के प्रभारी प्रधानपाठक दिनेश साहू ने अपने संबोधन में पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि नेहरू जी को बच्चों से बहुत लगाव था
इसलिए बच्चे उन्हें प्यार से चाचा कहकर पुकारते थे।स्वामी विवेकानंद यूथ क्लब बेलखुरी के अध्यक्ष डूकेश साहू ने बाल दिवस कि बधाई देते हुए कहा कि आज के दिन हमें यह भी याद रखना चाहिए कि बच्चे केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि अन्य चीजों में आगे बढ़ें।बच्चों का मनोबल बढ़ाएं और उनकी हर छोटी-छोटी खुशियों में उनका साथ दें।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश कुमार राजपूत,शिक्षक चोवा सिंह राजपूत एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहें।
बाल दिवस पर विविध कार्यक्रमों का किया गया आयोजन, बच्चे राष्ट्र के निर्माता है शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोविंद रात्रे
बिहान छत्तीसगढ़ गोविंद राम ब्यूरो चीफ बलौदा बाजार
बलौदा बाजार:-
बलौदा बाजार जिला अंतर्गत शिक्षा विभाग के निर्देश अनुसार बाल दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था उसी कड़ी में विकासखंड पलारी संकुल केंद्र दतान प में शासकीय प्राथमिक शाला गुढ़ियारी, पूर्व माध्यमिक शाला, और हाई स्कूल में सभी शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था जिसमें सभी स्कूलों के शिक्षक शिक्षकों के द्वारा बच्चों के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजन किया गया था जो अच्छे से धूमधाम से मनाया गया, जिसमें शासकीय प्राथमिक शाला गुढ़ियारी के साला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गोविंद रात्रे के द्वारा सरस्वती माता चाचा नेहरू और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर तिलक लगाकर आरती के साथ कार्यक्रम का शुरूआत किया गया,
जिसमें सभी बच्चों के द्वारा विभिन्न प्रकार के कार्य आयोजन किए गए थे।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दतान प में बाल दिवस पर विविध कार्यक्रम का आयोजन किया गया संस्कृत व्याख्याता डॉ कोमल वैष्णव ने कहा कि पं जवाहर लाल नेहरू बच्चों से बहुत अधिक प्रेम करते थे इसलिए उसे चाचा नेहरू के नाम से पुकारते हैं वे स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे उनका जन्म 14नवंबर 1889को प्रयागराज में हुआ था । भारत रत्न पुरस्कार प्राप्त पं जवाहर लाल नेहरू ने 16साल 9माह 12दिन तक प्रधानमंत्री पद पर रहकर सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाए हैं। व्याख्याता विजय कुर्रे ने कहा कि भारत को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराने नेहरू जी ने भारत छोड़ो आंदोलन चलाया अनेक बार जेल गए ऐसे स्वतंत्रता संग्रामके सेनानी के जन्मदिन को बालदिवस के रूप में मनाते हैं।
सुश्री क्षमा, अनिता यादव, गरिमा टंडन अंजू वर्मा नितेश पैगम्बर युवराज साहू प्रियंका रात्रे आदि बच्चों ने देशभक्ति गीत भाषण आदि प्रस्तुत किए। बच्चों को चाकलेट वितरण किया गया। उक्त अवसर पर प्राचार्य मनोज वर्मा संस्कृत व्याख्याता डॉ कोमल वैष्णव, प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक श्री अशोक बछोर, मंजू देवांगन और धीवर सर उपस्थित थे विजय कुर्रे ललित वर्मा अरविंद ध्रूव पीके साहू रविशंकर साहू योगेश वर्मा सुदेश विश्वकर्मा रश्मि ठाकुर योगेश्वरी धुरंधर पूजा जायसवाल महेश्वरी वर्मा गीतिका प्रधान गीता श्रेय प्रकाश चन्द्र धेनुसेवक सहित सभी छात्र छात्राएं उपस्थित थे।
IIT भिलाई में MP के छात्र की मौत पर बवाल
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग जिले के भिलाई आईआईटी में पढ़ाई कर रहे MP के नर्मदापुरम के छात्र की 11 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह आईआईटी भिलाई में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के बीटेक फर्स्ट सेमेस्टर का स्टूडेंट था। इसी साल उसने एडमिशन लिया था। मामला जेवरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे IIT कैंपस में सौमिल साहू (18) की तबीयत अचानक बिगड़ी। जिसके बाद उसे सुपेला के स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मिर्गी का दौरा पड़ने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना को लेकर मंगलवार रात भी छात्र कैंपस में हंगामा करते रहे। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन से व्यवस्थाओं की कमी को लेकर आक्रोश जताया।
उनका कहना था कि यहां पर आज तक कोई व्यवस्था नहीं है। पांचवां दीक्षांत समारोह तो मना लिया, लेकिन विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कोई व्यवस्था नहीं है। अगर छात्र को समय पर बेहतर इलाज मिल जाता तो उसकी जान बच जाती। बुधवार की शाम बड़ी संख्या में छात्र कैंडल मार्च निकालने वाले थे, लेकिन मैनेजमेंट ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। 5 थानों के टीआई और करीब 150 की संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची है।
मूल रूप से नर्मदापुरम की साई दर्शन सोसाइटी निवासी सौमिल के पिता वीरेंद्र साहू सिक्योरिटी पेपर मील (SPM) में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन नर्मदापुरम से भिलाई पहुंचे। पीएम के बाद वो शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए।
पिता के मुताबिक, बेटा पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारण की अच्छी तरह से जांच होना जरूरी है।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के आरोप के सवालों के जवाब में जेवर-सिरसा चौकी प्रभारी ने बताया कि अब तक किसी भी तरह की लिखित शिकायत परिजनों की ओर से पुलिस को नहीं दी गई है।
कैंसर-पीड़ित पत्नी को बाइक पर लिटाकर भटक रहा किसान
कवर्धा
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के नगवाही गांव के किसान समलू बताते हैं कि कैंसर पीड़ित पत्नी को कवर्धा, रायपुर, दुर्ग और मुंबई तक इलाज के लिए ले गया, लेकिन पैसों की वजह से इलाज अधूरा है। इलाज में पहले जेवर गए, फिर बैल और 5-7 लाख का कर्जदार हो गया। अब सरकार से मदद की उम्मीद है, ताकि पत्नी की जान बच सके।
किसान समलू बताते हैं कि अस्पताल ले जाने के लिए न एम्बुलेंस आती है, ना कोई सरकारी गाड़ी। डॉक्टर्स ने कह दिया है कि इलाज महंगा है, लंबा चलेगा। अब जब पैसे ही नहीं रहे, तो इलाज अधूरा है। पत्नी की पीड़ा देखकर वह सहम उठते हैं।
दरअसल, नगवाही गांव के रहने वाले समलू सिंह मरकाम पेशे से किसान हैं। समलू सिंह की पत्नी कैंसर पीड़ित है। पत्नी को पहले कवर्धा जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां से बड़े हॉस्पिटल ले जाने के लिए कहा गया, फिर पत्नी को रायपुर, दुर्ग, बैतूल, गोंदिया और मुंबई ले गया, जहां 5-7 लाख रुपए खर्च हो गए।
समलू सिंह मरकाम बताते हैं कि पत्नी की इलाज में खेत, जेवर और बैल तक बेच दिए। अब कुछ बचा नहीं है। रिश्तेदारों से उधार मांगने पर वहां से भी पैसे नहीं मिल रहे हैं। रिश्तेदार पहले से कर्ज दे चुके हैं, जिसे वापस लौटा नहीं पाया। अब वह भी पैसे देने से इनकार कर देते हैं।
समलू के मुताबिक कैंसर से पत्नी की हालत गंभीर हो गई है। हालत इतनी बिगड़ चुकी है कि अब वह चल-फिर नहीं सकती। रायपुर में ऑपरेशन हुआ था, लेकिन बीमारी दोबारा फैल गई। नसों पर असर होने से पैर काम नहीं कर रहे हैं। इसलिए वह बाइक पर लादकर ले जाते हैं।
समलू सिंह के मुताबिक आर्थिक स्थिति खराब होने पर गृहमंत्री विजय शर्मा से मदद मांगी थी। इस दौरान विजय शर्मा ने 10 हजार रुपए की सहायता दी थी, जिससे तत्काल इलाज शुरू हुआ। अब फिर स्थिति गंभीर है और इलाज का खर्च लाखों में पहुंच गया है। सरकार से मदद की अपील की है।