फेयरवेल या सिस्टम फेल...? स्कूल परिसर बना स्टंट का मैदान 6 वाहन मालिकों पर FIR शिक्षा विभाग की भूमिका पर सवाल
धरसींवा। रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कुरा में आयोजित विदाई समारोह (फेयरवेल) उस समय विवादों में घिर गया, जब स्कूल परिसर और आसपास के मार्गों पर छात्रों द्वारा जानलेवा स्टंट किए गए। ‘जश्न’ के नाम पर मर्यादा और सुरक्षा की तमाम सीमाएं लांघते हुए छात्र लग्जरी कारों और ट्रैक्टरों पर सवार होकर तेज रफ्तार में स्टंट करते नजर आए। इस पूरी घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया है।
मंगलवार को धरसींवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह अलग-अलग वाहनों के मालिकों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
विदित हो कि यह मामला कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल का है, जहां कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान दर्जन भर से अधिक लग्जरी गाड़ियों में सवार छात्र स्कूल परिसर और मुख्य मार्गों पर निकले। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि छात्र तेज रफ्तार कारों की खिड़कियों से बाहर लटकते, छतों पर बैठते और खतरनाक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। इस लापरवाही से न केवल उनकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि अन्य विद्यार्थियों और आम लोगों की सुरक्षा भी दांव पर लग गई।
बॉक्स खबर
तालियों की गूंज से उड़ी अनुशासन की धज्जियां
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जहां छात्र खुलेआम मौत को दावत दे रहे थे, वहीं विद्यालय परिसर में मौजूद कुछ शिक्षक उन्हें रोकने के बजाय तालियां बजाकर स्वागत करते दिखाई दिए। शिक्षकों के इस रवैये ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस स्टंटबाजी में कारों के साथ ट्रैक्टर का भी उपयोग किया गया।
बॉक्स खबर
6 वाहनों पर कार्रवाई, पुलिस ने दिखाई सख्ती
धरसींवा पुलिस ने जिन वाहनों को इस मामले में चिन्हित किया है, उनमें CG 04 QK 3392, CG 04 QP 0235, CG 04 QL 5633, CG 04 ND 5803, CG 10 AZ 1010 और CG 04 QG 3254 शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि स्कूल जैसे शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बॉक्स खबर
अभिभावकों में आक्रोश, शिक्षा विभाग कठघरे में
घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहरा रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि जिन उद्देश्यों के साथ शासन ने आत्मानंद स्कूलों की स्थापना की थी, वहां आज अनुशासन पूरी तरह से पटरी से उतरता नजर आ रहा है। ‘रॉकस्टार कल्चर’ और सोशल मीडिया की दिखावेबाज़ी ने शिक्षा की मूल भावना को पीछे धकेल दिया है।
बॉक्स खबर
पुलिस की कार्रवाई, शिक्षा विभाग की चुप्पी
जहां एक ओर धरसींवा पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं, वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग की भूमिका सवालों के घेरे में है। इस मामले में जब ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। स्कूल परिसर में इतनी बड़ी घटना के बावजूद विभागीय चुप्पी कई आशंकाओं को जन्म दे रही है।
वर्जन
धरसींवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल आरोपियों की पहचान, वाहनों की जब्ती और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
श्री राजेन्द्र दीवान
थाना प्रभारी, धरसींवा