देश दुनिया
ओडिशा में 2 युवकों का आधा सिर मूंडा, घास खिलाई
गंजाम
ओडिशा के गंजाम जिले में गो-तस्करी के शक में दो दलित युवकों को बुरी तरह पीटा गया। उनका आधा सिर मुंडवाया गया। उन्हें घुटनों के बल रेंगने, घास खाने और नाली का पानी पीने के लिए मजबूर किया गया।
पुलिस के मुताबिक, सिंगीपुर गांव के रहने वाले बबुला नायक और बुलु नायक हरिऔर इलाके से दो गाय और एक बछड़ा अपने गांव ले जा रहे थे। खारिगुमा गांव में गो-रक्षकों ने उन्हें रोका।
उनसे 30 हजार रुपए मांगे। मना करने पर पीटा। सैलून ले जाकर आधा सिर मुंडवाया। उन्हें एक किमी तक घुटनों के बल रेंगने पर मजबूर किया। दोनों लोगों को घास खिलाई और नाली का पानी पिलाया गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने X पर पोस्ट किया।
उन्होंने लिखा, 'भाजपा शासित राज्यों में ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं, क्योंकि उनकी राजनीति नफरत और भेदभाव पर आधारित है।
दलित युवकों को घुटनों के बल चलने, घास खाने और गंदा पानी पीने के लिए मजबूर करना न केवल अमानवीय है, बल्कि मनुवादी सोच की बर्बरता है।
दलितों की गरिमा को कुचलने वाली हर घटना बाबा साहब के संविधान पर हमला है। समानता, न्याय और मानवता के खिलाफ एक साजिश है। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। देश संविधान से चलेगा, मनुस्मृति से नहीं।'
आरोपियों के खिलाफ धारकोट थाने में FIR दर्ज कराई गई है। अब तक 9 लोगों को हिरासत में लिया गया है, बाकियों की तलाश जारी है। गंजाम SP सुवेंदु कुमार पात्र ने पुष्टि की है कि जांच चल रही है। दोनों पीड़ितों का इलाज धारकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि हमलावरों का मकसद गो-संरक्षण नहीं, बल्कि जबरन वसूली था।
गुजरात-महाराष्ट्र में भारी बारिश, घरों-दुकानों में पानी भरा
मानसून ने बीते दो दिन में राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में एंट्री ले ली है। भारी बारिश के चलते गुजरात के अहमदाबाद, वापी और राजकोट में सड़क, घरों और दुकानों में पानी भर गया। सावरकुंडला, राजुला में स्थानीय नदियां उफान पर आ गई हैं।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ-सीतापुर में पूरी रात रुक-रुककर बारिश हुई। अमेठी में इतनी बारिश हुई कि SP ऑफिस और गौरीगंज कोतवाली में पानी भर गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने SP ऑफिस से पानी निकाला। वहीं, बिजली गिरने से 24 घंटे में 10 लोगों की मौत हो गई।
मौसम विभाग ने आज पूर्वी उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और मध्य महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मानसून के अगले 2-3 दिनों में दिल्ली और हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में पहुंचने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने गुरुवार रात महाराष्ट्र के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया, क्योंकि राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। इसके चलते कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। रायगढ़ में अंबा और कुंडलिका नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। वहीं, पातालगंगा नदी के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।
रत्नागिरी में जगबूदी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। एहतियात के तौर पर रायगढ़ जिले में सभी स्कूल और कॉलेज आज के लिए बंद कर दिए गए हैं।
पश्चिमी महाराष्ट्र में इंद्रायणी और कुछ दूसरी नदियों में बाढ़ आ गई है। नासिक में गोदावरी नदी भारी बारिश के कारण उफान पर है। यहां कई मंदिर गोदावरी के पानी में डूब गए हैं।
एअर इंडिया ड्रीमलाइनर का ब्लैक बॉक्स अमेरिका भेजा जाएगा:देश में डेटा रिकवरी मुमकिन नहीं;
अहमदाबाद
अहमदाबाद में 12 जून को क्रैश हुए एअर इंडिया विमान का ब्लैक बॉक्स जांच के लिए अमेरिका भेजा जाएगा है। क्रैश हुए बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान का ब्लैक बॉक्स क्रैश के अगले दिन ही रिकवर कर लिया गया था।
विमान में आग लगने के बाद ब्लैक बॉक्स इतना डैमेज हो चुका है कि उससे डेटा रिकवर करना मुश्किल है। इसलिए उसे जांच के लिए अमेरिका भेजने का फैसला लिया गया है।
ब्लैक बॉक्स के 2 हिस्से कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) को हीट और आग से नुकसान पहुंचा है। देश में ऐसी कोई लैब नहीं है, जहां डेटा रिकवर किया जा सके।
इसी वजह से अब इन्हें अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) की लैब में भेजने का फैसला किया गया है। इसके साथ सरकारी अफसर भी जाएंगे ताकि सुरक्षा और गोपनीयता बनी रहे।
ब्लैक बॉक्स को विमान के सबसे सुरक्षित हिस्से, आमतौर पर टेल सेक्शन में रखा जाता है। यह टाइटेनियम या स्टेनलेस स्टील से बना होता है। 1100 डिग्री सेल्सियस तापमान व समुद्र की गहराई में दबाव को झेल सकता है। पानी में गिरने पर यह 14,000 फीट गहराई तक से सिग्नल भेज सकता है।
अहमदाबाद विमान हादसा, 270 शव बरामद:7 की पहचान हुई; ब्लैक बॉक्स मिला, इसका डेटा बताएगा क्यों हुआ प्लेन क्रैश
अहमदाबाद में एअर इंडिया फ्लाइट AI-171 हादसे के एक दिन बाद शुक्रवार को एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने ब्लैक बॉक्स को खोज लिया है। यह हॉस्टल की छत पर मिला। इसके जरिए पता चल सकेगा कि क्रैश होने के पहले आखिरी पलों में क्या हुआ था।
एअर इंडिया की फ्लाइट में 12 क्रू मेंबर समेत 242 लोग मौजूद थे। इसमें से एक यात्री की जान बच गई। मरने वालों में राजस्थान से 13, एमपी, हरियाणा और बिहार के एक-एक लोग शामिल हैं। उधर, पूर्व सीएम रूपाणी के शव की पहचान भी अब तक नहीं हो पाई है। मृतकों की पहचान के लिए उनके परिजन के DNA टेस्ट लिए जा रहे हैं।
रेक्स्यू टीम ने 270 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। इनमें से 7 की बॉडी को DNA टेस्ट के बाद परिजन को सौंप दी गई है।
5 मृतक उस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश हुआ था। हादसे के वक्त हॉस्टल में 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे।
एअर इंडिया के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर कैंपबेल विल्सन ने अहमदाबाद से बयान जारी करते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। हम सभी एअर इंडिया परिवार के लोग इस नुकसान से बेहद आहत हैं।
उन्होंने बताया कि एअर इंडिया की एक टीम जिसमें लगभग 100 केयरगिवर और 40 इंजीनियर शामिल हैं,
तकनीकी टीम हादसे की जांच में मदद कर रही है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता दे रहे हैं। इसके अलावा और भी टीमें अहमदाबाद रवाना हो रही हैं।
अहमदाबाद सिविल अस्पताल में लगातार एंबुलेंस पहुंच रहीं:विमान हादसे में घायलों का इलाज जारी,
अहमदाबाद
अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश होने के बाद हादसे के शिकार लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया जा रहा है। साथ ही शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भी लाया जा रहा है।
विमान जिस बिल्डिंग से टकराया उसमें डॉक्टर्स रहते हैं। हादसे में 15 डॉक्टर्स के घायल होने की भी खबर है। गुजरात सरकार ने मृतकों और घायलों के परिजन की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर- 9978405304 और 079 232 51900 जारी किए हैं। सिविल अस्पताल में ओ निगेटिव ब्लड की कमी आ गई है। अस्पताल में डोनर्स से ओ निगेटिव ब्लड डोनेट करने की अपील जारी की है।
अस्पताल में स्ट्रेचर कम पड़ गए, इसलिए हाथ ठेले से कुछ शव ले जाए गए
हादसे की जानकारी मिलते ही अहमदाबाद के सांसद हसमुख पटेल सिविल अस्पताल पहुंच गए हैं। वह अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम भी पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एअर इंडिया का लंदन जा रहा विमान अहमदाबाद में क्रैश:100 शव मिलने की खबर,
अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर प्लेन क्रैश हुआ है। इसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 242 पैसेंजर सवार थे। यात्रियों में 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक था।
एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-171 ने दोपहर 1.38 बजे उड़ान भरी थी। दोपहर 1.40 बजे यह क्रैश हो गई। जानकारी के मुताबिक विमान एयरपोर्ट की दीवार और एयर कस्टम कार्गो ऑफिस के पास क्रैश हुआ। विमान के गिरते ही पूरे इलाके में धुएं का गुबार दिखाई दिया।
हादसे में 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक की मौत
पैसेंजर प्लेन में 242 यात्री और क्रू सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 1 कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। यह नंबर 1800-5691-444 है। हादसे के बाद पूरे इलाके में राख और जला हुआ मलबा
दिल्ली आग हादसा-जान गंवाने वाले शख्स ने 3 को बचाया
नई दिल्ली
दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 में शबद अपार्टमेंट की नौंवीं मंजिल के फ्लैट में मंगलवार को आग लग गई थी। बचने के लिए एक शख्स ने दो बच्चों के साथ बालकनी से छलांग लगा दी। शख्स की मौके पर ही जान चली गई, जबकि बच्चों की अस्पताल में मौत हो गई।
तीनों की पहचान यश यादव (35 साल), आशिमा (बेटी, 12 साल) और शिवम (भतीजा, 10 साल) के रूप में हुई। चश्मदीदों ने बताया कि यश समय रहते घर से निकल गए थे। बाहर आने पर पता चला कि पत्नी ममता (33 साल), बड़ा बेटा आदित्य (18 साल), बेटी, भतीजा और पत्नी की बहन का छह महीने का बच्चा अंदर फंसा है।
इसके बाद वे घर में घुसे और उन्हें ढूंढते हुए बालकनी तक पहुंचे। तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी। यश ने किसी तरह पत्नी, बेटा और छह माह के बच्चे को नीचे की मंजिल के फ्लैट की बालकनी में उतारा। वे बेटी और भतीजे को भी नीचे उतारने की कोशिश में थे। जब बालकनी में लपटों से बचना असंभव हो गया तो वे दोनों बच्चों के साथ नीचे कूद पड़े। इससे तीनों की जान चली गई।
दिल्ली में रहने वाली यशपाल की एक बहन के घर मंगलवार को कथा के बाद भंडारा था। इस वजह से रिश्तेदार यश के घर पर भी जुटे हुए थे। यश के पैतृक गांव के प्रधान धर्मेंद्र ने बताया, आग लगने के बाद यश करीब एक से डेढ़ घंटे तक फायर सर्विस की मदद मांगते रहे। कई रिश्तेदारों को उन्होंने बाहर निकाल लिया था, लेकिन खुद दो बच्चों के साथ फंस गए।
इस घटना पर स्थानीय लोगों ने गुस्सा जाहिर किया। आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड की लापरवाही से तीनों की जान चली गई। आग काफी ऊंचाई पर लगी थी। सीढ़ी वाली गाड़ी आने के बाद आग पर पानी की बौछार की गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दिल्ली के नांगलोई में फरवरी में दो मंजिला घर में आग लग गई थी। दोनों मंजिल आग की चपेट में आ गईं। इस दौरान कई लोग बिल्डिंग में फंस गए। 6 लोगों ने बिल्डिंग के सेकेंड फ्लोर से कूदकर जान बचाई। हालांकि, उन्हें चोट आई है। सभी अस्पताल में एडमिट हैं। घायल लोगों में दो महिलाएं, तीन युवक और एक नाबालिग हैं। बताया जा रहा है ये हादसा गैस लीक होने की वजह से हुआ था।
अमरनाथ जा रहे BSF जवानों को खस्ताहाल ट्रेन मिली:सीटों पर गद्दी नहीं, टॉयलेट टूटा, कॉकरोच थे;
अमरनाथ यात्रा के लिए ड्यूटी पर जा रहे 1200 BSF जवानों ने ट्रेन की खराब हालत देखते हुए चढ़ने से इनकार कर दिया। 5 दिन पुराने इस मामले में रेल मंत्रालय ने 4 रेल अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।
6 जून को जवानों को त्रिपुरा से अमरनाथ जाना था। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) ने जो ट्रेन जवानों को मुहैया कराई, उसमें खिड़कियां-दरवाजे टूटे हुए थे।
ट्रेन का VIDEO भी अब सामने आया है। इसमें टॉयलेट टूटा है, लाइट नहीं है। सीटों पर गद्दियां भी गायब हैं। फर्श पर कॉकरोच दिखाई दे रहे हैं। जवानों के इनकार के बाद 10 जून को दूसरी ट्रेन मुहैया कराई गई।
जवानों को अमरनाथ तीर्थयात्री ड्यूटी के लिए कश्मीर पहुंचना था। जिस ट्रेन से उन्हें जाना था, उसका BSF के कंपनी कमांडर ने निरीक्षण किया। ट्रेन की हालत देखकर वे हैरान रह गए।
ट्रेन के डिब्बों की हालत काफी खराब थी। इसका इस्तेमाल जवानों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने के लिए नहीं किया जा सकता। जांच के बाद पता चला कि डिब्बों का महीनों से इस्तेमाल नहीं हुआ।
हर डिब्बे में जगह-जगह टूटे-फूटे सामान पड़े थे। ट्रेन की खिड़कियों व दरवाजों में छेद थे। अधिकांश सीटों पर गंदगी फैली हुई थी। ट्रेन के कई डिब्बों में बल्ब या बिजली कनेक्शन नहीं था
भारतीय रेलवे के NFR जोन के एक सीनियर अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 6 जून को रवाना होने वाली ट्रेन को रद्द कर दिया गया है। कारण यह है कि बीएसएफ ने ट्रेन की खामियों पर कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके चलते अब उन्हें दूसरी ट्रेन दी गई है। नई ट्रेन मंगलवार को रवाना की गई।
ओडिशा में IAS अफसर 10 लाख घूस लेते गिरफ्तार
भुवनेश्वर/
ओडिशा के कालाहांडी जिले में 36 साल के IAS अफसर धीमान चकमा को 10 लाख घूस लेते रंगे हाथ पकड़ गया। सोमवार को उसे भवानीपटना में स्पेशल जज विजिलेंस ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। धीमान को रविवार को गिरफ्तार किया गया था।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि धीमान ने एक बिजनेसमैन से 20 लाख की मांग की थी। रुपए नहीं देने पर उसके खिलाफ एक्शन लेने की धमकी भी दी। बिजनेसमैन ने विजिलेंस के अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
विजिलेंस टीम ने शिकायत के आधार पर 8 जून की रात को एक जाल बिछाया और IAS अफसर धीमान को कालाहांडी जिले के धरमगढ़ स्थित उसके सरकारी आवास से 10 लाख रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम ने IAS अफसर के सरकारी क्वार्टर और उसके ऑफिस की भी तलाशी ली। इस दौरान क्वार्टर से 47 लाख रुपए बरामद हुए।
मूलरूप से त्रिपुरा का रहने वाला धीमान 2021 बैच का IAS अफसर है। उसने एक नहीं, बल्कि दो बार देश की सबसे कठिन परीक्षा UPSC पास की है। 2019 में UPSC परीक्षा पास करने के बाद वह भारतीय वन सेवा (IFS) अफसर के तौर पर ओडिशा कैडर में शामिल हुए था।
दिल्ली में 5 महीने के बच्चे की कोरोना से मौत:4 राज्यों में एक दिन में 437 मरीज मिले; देश में 4866 एक्टिव केस, 51 मौतें
नई दिल्ली
देश में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को दिल्ली में कोविड से जुड़ी दो और मौतें दर्ज की गईं। इनमें एक पांच महीने का बच्चा भी शामिल है। दिल्ली में केरल के बाद कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव 562 केस हैं।
दिल्ली में इस साल 1 जनवरी से अब तक कोरोना से सात मौतें हुई हैं। देश में कोरोना से मौत का आंकड़ा 51 पहुंच गया है। बुधवार को कोरोना से कुल 7 लोगों की जान चली गई। इनमें महाराष्ट्र में तीन, दिल्ली-कर्नाटक में दो-दो मौतें।
बुधवार को दिल्ली सहित 15 राज्यों में 564 मरीज मिले, इनमें से 437 मामले सिर्फ 4 राज्यों से हैं। केरल में सबसे ज्यादा 114, कर्नाटक में 112, पश्चिम बंगाल में 106 और दिल्ली में 105 केस सामने आए। इस तरह देश में एक्टिव केस की संख्या 4866 हो गई है।
इस बीच, केंद्र सरकार गुरुवार को देश भर के राज्यों के चुनिंदा अस्पतालों में मॉक ड्रिल करेगी। इस दौरान इन अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई, जरूरी दवाओं की स्थिति और वेंटिलेटर की व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। इससे बनी रिपोर्ट में कोरोना की चौथी लहर आने की स्थिति में अस्पतालों की तैयारियों पर रेटिंग दी जाएगी।
अहमदाबाद में 24 घंटे में कोरोना के 60 केस:देश में एक्टिव केस 4 हजार पार; महाराष्ट्र में दो की जान गई; अब तक 38 मौतें
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुजरात के अहमदाबाद में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 60 केस मिले हैं। राजकोट में SP हिमकर सिंह भी कोरोना पॉजिटिव हैं। वे फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं।
देशभर में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से 5 लोगों की मौत भी हुई है। इनमें केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में एक-एक और महाराष्ट्र में दो मौतें हुई हैं। जनवरी से अब तक देश में कोरोना से 38 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 31 की मौत बीते 4 दिन में हुई हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10 मौतें हुई हैं।
भारत में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 4 हजार के पार हो गया है। अभी देश में कुल 4,026 एक्टिव केस हैं। इनमें 50% केस सिर्फ महाराष्ट्र और केरल में है। केरल में सबसे ज्यादा 1,446 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 494, गुजरात में 397 और दिल्ली में 393 मामले हैं।
देश में 22 मई से कोरोना के मामले लगभग 15 गुना बढ़े हैं। 22 मई को देश में सिर्फ 257 एक्टिव मामले थे। 31 मई तक यह आंकड़ा बढ़कर 3,395 हो गया था। उसके बाद से केस लगातार बढ़ रहे हैं। 2700 मरीज ठीक भी हुए हैं।
सोनिया गांधी निजी दौरे पर शिमला पहुंची
शिमला
लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी के बाद राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी भी सोमवार को शिमला पहुंच गई हैं। सोनिया गांधी शाम 5 बजे के करीब छराबड़ा पहुंची, जहां पर वह अगले चार-पांच दिन बिताएंगी।
सोनिया गांधी अगले कुछ दिन यहीं बेटी प्रियंका गांधी के साथ आराम करेंगी। प्रियंका गांधी बीते एक सप्ताह से छराबड़ा में हैं। बताया जा रहा है कि निजी दौरे पहुंची सोनिया-प्रियंका किसी भी कांग्रेस नेता से मुलाकात नहीं करेंगी। सूचना के अनुसार, दिल्ली से सोनिया गांधी चंडीगढ़ तक हेलिकॉप्टर में आई। चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से सीधे शिमला के छराबड़ा पहुंची, जहां पर प्रियंका गांधी ने पहाड़ी शैली में घर बना रखा है।
सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के दौरे के दृष्टिगत पुलिस ने छराबड़ा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं और पुलिस गश्त बढ़ा दी है।
शिमला से लगभग 13 किलोमीटर दूर छराबड़ा में कल्याणी हेलिपेड के साथ प्रियंका गांधी का अपना घर बना रखा हैं। प्रियंका गांधी साल में 4-5 बार यहां आती रहती हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी यहां कई बार आ चुके हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट बोला- सद्गुरु की आवाज, चेहरा, पहनावा खास:उनकी इजाजत के बिना कोई इनका इस्तेमाल नहीं कर सकता;
नई दिल्ली
दिल्ली हाई कोर्ट ने सद्गुरु जग्गी वासुदेव के पक्ष में एक अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा कि कोई भी उनकी आवाज, चेहरा, पहनावा, बोलने का अंदाज या और किसी भी तरीके से उनकी पहचान को बिना इजाजत इस्तेमाल नहीं कर सकता खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए।
दरअसल कुछ वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स AI तकनीक के जरिए सदगुरु की आवाज और वीडियो में बदलाव करके उन्हें अपने फायदे के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। इसे लेकर सदगुरु ने कोर्ट में याचिका दायर की कि उनकी पहचान का गलत तरीके से इस्तेमाल हो रहा है। कोर्ट ने कहा कि सद्गुरु की पहचान (जैसे उनका चेहरा, आवाज, पहनावा वगैरह) बिलकुल खास है और उसका दुरुपयोग नहीं होने दिया जा सकता। कोर्ट ने कई वेबसाइटों और यूट्यूब चैनलों को बंद करने का आदेश दिया है, जो सद्गुरु की नकली वीडियो और कंटेंट चला रहे थे। सोशल मीडिया कंपनियों को इन अकाउंट्स की जानकारी देने के लिए भी कहा गया है। इसके साथ ही, टेलीकॉम विभाग और इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मिनिस्ट्री को भी निर्देश दिया गया है कि वो इस तरह की वेबसाइट्स और अकाउंट्स को ब्लॉक करें।
कोर्ट ने आगे कहा, 'यह जो खतरा है, वह और भी तेज हो गया है, क्योंकि अब कुछ 'हाइड्रा-हेडेड' यानी बार-बार अलग रूप में सामने आने वाली वेबसाइट्स बहुत तेजी से बन रही हैं। इन्हें अगर एक बार ब्लॉक या हटा भी दिया जाए, तो ये छोटे-मोटे बदलाव के साथ दोबारा लौट आती हैं।'
कोर्ट ने कहा कि ऐसी 'हाइड्रा-हेडेड' वेबसाइट्स प्राइवेसी का बहाना बनाकर अपने रजिस्ट्रेशन या कांटेक्ट डिटेल्स छिपा लेती हैं, जिससे उनके चलाने वालों तक पहुंचना और उनसे नकल या उल्लंघन रोकने की मांग करना लगभग नामुमकिन हो जाता है। इस मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी।
देश में कोरोना से 24 घंटे में 6 मौतें:3976 एक्टिव केस, सबसे ज्यादा 1435 केरल में; दिल्ली HC ने केंद्र से सैंपलिंग की डिटेल मांगी
देश में कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। एक्टिव केसों की संख्या 3976 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के मुताबिक 10 दिन में 15 गुना मामले बढ़े हैं। केरल में सबसे ज्यादा 1435 केस हैं। महाराष्ट्र एक्टिव मामलों के मामले में दूसरे नंबर पर है। यहां 506 मरीज हैं।
कोरोना से जान गंवाने वालों की संख्या 34 पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में 6 मौतें हुई हैं। सोमवार को अहमदाबाद में 18 साल की गर्भवती लड़की और 47 साल की महिला की कोरोना से जान गई। इससे पहले रविवार को दिल्ली में 22 साल की लड़की और तमिलनाडु में 25 साल के लड़के की कोरोना से मौत हुई थी।
सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- अगली कोविड महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। केंद्र कोविड सैंपल कलेक्शन, कोविड सेंटर्स और ट्रांसपोर्ट पॉलिसी नीति की तैयारियों की डिटेल दे।
लगातार बढ़ते केसों के बीच कर्नाटक सरकार ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क लगाने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का खास ध्यान रखने की अपील की। बुखार, खांसी, सीने में दर्द या सांस लेने में दिक्कत होने पर तुरंत जांच कराने को कहा है। राज्य में 253 एक्टिव केस हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा- स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह से सतर्क हैं। सभी राज्यों के हालात पर नजर रख रहे हैं। हमने संबंधित सचिवों और मंत्रियों से बातचीत की है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछली कोविड लहरों के दौरान बने ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड इत्यादि की समीक्षा हो चुकी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां जारी हैं।
प्रधानमंत्री पर ममता बनर्जी की विवादित टिप्पणी
कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऐसे बात कर रहे हैं, जैसे हर महिला के पति हों। वे अपनी पत्नी को सिंदूर क्यों नहीं देते? हालांकि मैं इस संबंध में बात नहीं करना चाहती, लेकिन आपने मुझे बोलने के लिए मजबूर कर दिया। दरअसल, PM मोदी ने गुरुवार को ही पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में करीब 32 मिनट का संबोधन दिया। इसमें उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, पाकिस्तान, ममता सरकार के भ्रष्टाचार और केंद्र की नीतियों का जिक्र किया था।
CM ममता ने कहा कि पीएम मोदी को मैं आमने-सामने बहस करने की चुनौती देती हूं। इसमें कोई स्क्रिप्ट नहीं होगी और सवालों के जवाब तुरंत देने होंगे। आप चाहें तो अपना टेलीप्रॉम्प्टर भी लेकर आएं।
ममता ने PM मोदी से कहा कि आप मीडिया को कंट्रोल करते हैं और राजस्थान, बांग्लादेश और अन्य जगहों पर हुई घटनाओं का गलत इस्तेमाल करते हैं। वे बंगाल की फेक न्यूज फैलाते हैं। हर प्रदर्शन आपके नाम पर ही होता है। आप सेना के लिए कोई प्रोजेक्ट क्यों नहीं शुरू करते? आपको सिर्फ प्रचार चाहिए।
CM बनर्जी ने कहा कि कहा कि पीएम मोदी ने आज जो कहा, उससे हम न केवल स्तब्ध हैं, बल्कि यह सुनना दुर्भाग्यपूर्ण भी हैं। पूरा विपक्ष दुनिया के सामने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने देश के राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए एक साहसिक कदम उठाया है, लेकिन क्या पीएम मोदी और उनके नेताओं के लिए यह कहने का समय आ गया है कि वे 'ऑपरेशन सिंदूर' की तरह 'ऑपरेशन बंगाल' भी करेंगे।
मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो कल चुनाव लड़ें। मोदी तब पश्चिम बंगाल की आलोचना कर रहे हैं जब हम आतंकवाद के खिलाफ केंद्र का समर्थन कर रहे हैं।
दरअसल, PM मोदी की सभा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने ‘ऑपरेशन बांग्ला’ को ऑपरेशन सिंदूर के समान बताते हुए राज्य से तृणमूल सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को मोदी सरकार घर-घर तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत महिलाओं को उपहार के रूप में सिंदूर दिया जाएगा। भाजपा के सीनियर लीडर ने बताया कि 9 जून से इसकी शुरुआत होगी। इसी दिन नरेंद्र मोदी ने बतौर पीएम तीसरी बार शपथ ली थी यानी मोदी 3.0 की शुरुआत हुई थी। अभियान का मूल मकसद मोदी 3.0 सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए जनसंपर्क के दौरान महिलाओं को सिंदूर भी भेंट किया जाएगा। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर को हाईलाइट करने वाले पैम्फलेट भी बांटे जाएंगे
विमान में चीख-पुकार, फिर भी PAK ने नहीं दी परमिशन
नई दिल्ली/मुंबई
दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट 21 मई को ओलावृष्टि के कारण भीषण टर्बुलेंस (हवा में झटकों) की चपेट में आ गई थी। इस दौरान पायलट ने पाकिस्तान से उसका एयरस्पेस इस्तेमाल करने की इजाजत मांगी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने मना कर दिया।
न्यूज एजेंसी PTI ने 22 मई को सूत्रों के हवाले से बताया कि इंडिगो फ्लाइट जब अमृतसर के ऊपर से गुजर रही थी, तब पायलट ने हल्का टर्बुलेंस महसूस किया। उन्होंने लाहौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से कॉन्टैक्ट किया और खराब मौसम से बचने के लिए पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुसने की परमिशन मांगी। लाहौर ATC ने पायलट को साफ मना कर दिया, जिसके कारण फ्लाइट को अपने तय रूट पर आगे बढ़ना पड़ा। फ्लाइट में 227 लोग सवार थे। तेज झटकों के कारण सभी चीखने-चिल्लाने लगे थे।
पायलट ने श्रीनगर ATC को जानकारी दी और फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई। लैंडिंग के बाद देखा गया कि फ्लाइट का अगला हिस्सा (नोज कोन) टूट गया था।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि, 21 मई को इंडियो की A321 फ्लाइट दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। पंजाब के पठानकोट के पास अचानक मौसम बिगड़ गया। ओले गिरने लगे। पायलट के मुताबिक, उसने इंडियन एयर फोर्स से बाईं तरफ यानी इंटरनेशनल बॉर्डर की तरफ मुड़ने की परमीशन मांगी। जिसे मना कर दिया गया।
इसके बाद पायलट ने लाहौर एटीसी से संपर्क कर उनके हवाई क्षेत्र में इंट्री करने की परमीशन मांगी लेकिन लाहौर एटीसी ने इजाजत नहीं दी। इसके बाद पायलट ने फ्लाइट को वापस ले जाने का प्रयास किया लेकिन तब तक विमान तेज आंधी-बारिश में पहुंच गया। इसके बाद पायलट ने फ्लाइट को मौसम के बीच ले जाने का फैसला लिया। इस दौरान फ्लाइट की स्पीड तेज कर दी। आखिर में श्रीनगर एयरपोर्ट पर सेफ लैंडिंग की। हालांकि इससे विमान के नोज को नुकसान पहुंचा है। पूरे मामले की जांच DGCA की तरफ से की जा रही है।
छात्र सुसाइड केस, सुप्रीम कोर्ट की राजस्थान सरकार को फटकार
स्टूडेंट्स सुसाइड मामले में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने इस दौरान कोटा में हो रहे स्टूडेंट्स सुसाइड के मामलों को भी गंभीर बताया और राजस्थान सरकार को फटकार लगाई।
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने कहा, 'कोटा में इस साल अब तक 14 स्टूडेंट्स सुसाइड कर चुके हैं। स्टूडेंट्स कोटा में ही क्यों आत्महत्या कर रहे हैं? एक राज्य के तौर पर क्या आपने इस पर कोई विचार नहीं किया?'
सुप्रीम कोर्ट ने यह टिप्पणी कोटा में छात्रा का शव मिलने और IIT खड़गपुर के छात्र के सुसाइड मामले की सुनवाई के दौरान की। सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान सरकार से इस मामले में जवाब मांगा है। अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी। 4 मई को NEET एग्जाम से कुछ ही घंटे पहले कोटा के हॉस्टल में 17 साल की छात्रा का शव मिला था। 4 मई को ही, IIT खड़गपुर में पढ़ने वाले 22 साल के स्टूडेंट ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली थी। इन्हीं दोनों मामलों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 6 मई को स्वतः संज्ञान लिया था। वहीं, कोटा में हुए सुसाइड को लेकर कोर्ट ने जवाब मांगा था कि FIR दर्ज क्यों नहीं की गई। जस्टिस जेबी पारदीवाला और आर महादेवन की बेंच ने ये सुनवाई की थी। इसी के साथ कोर्ट ने केंद्र सरकार को निर्देश भी दिया था कि मेंटल हेल्थ और सुसाइड प्रिवेंशन के लिए बनने वाली नेशनल टास्क फोर्स यानी NTF के गठन के लिए 20 लाख रुपए दो दिन में जमा कराएं।