राज्य
6 करोड़ का गांजा जब्त
बलरामपुर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने एक ट्रक से 12 क्विंटल गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत 6 करोड़ रुपए है। गांजे को 3 तस्कर ओडिशा के बलांगीर जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते UP होते हुए 1700 किलोमीटर दूर राजस्थान ले जा रहे थे, लेकिन CG-UP बॉर्डर पर पकड़े गए।
बसंतपुर पुलिस के मुताबिक आरोपी ट्रक में नारियल भूसा भरे थे। भूसे के बीच में गांजे की बोरियां थीं, जिसे टेप से लपेटा गया था। चेकिंग के दौरान आरोपियों ने ट्रक से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। तीनों आरोपी UP के रहने वाले हैं।
दरअसल, बसंतपुर थाना प्रभारी जीतेंद्र सिंह को रविवार रात को सोर्स से जानकारी मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा लोड है, जो छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश बॉर्डर पर है। ट्रक में 3 लोग सवार हैं। सोर्स ने ट्रक नंबर RJ 32 GE 0960 भी बताया। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस एक्टिव हो गई
इस दौरान बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोका। ड्राइवर से लोड सामान के बारे में पूछताछ की। ट्रक में सवार लोगों ने बताया कि ट्रक में सिर्फ भूसा भरा हुआ है। बातचीत के दौरान उनकी हड़बड़ाहट और जवाबों में तालमेल की कमी ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी शुरू की, तभी ट्रक में बैठे तीनों युवक अचानक नीचे कूदकर भागने लगे। यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पहले से सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत घेराबंदी कर तीनों को कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
बलरामपुर SP ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान UP के रायबरेली निवासी अमरीश कुमार (23), लखनऊ निवासी अमरीश कुमार पटेल (33) और अमेठी निवासी मनीष कुमार (20) के रूप में हुई है। ट्रक को अमरीश कुमार चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, यह तस्करी किसी बड़े गांजा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। इससे पहले कितनी खेपें इसी रास्ते से निकाली जा चुकी हैं।
जांजगीर चांपा में धर्म परिवर्तन का दबाव,हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी:
जांजगीर चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम तनौद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पास्टर संजू दांडेकर (37) और मोती सिंह (39) को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। यह घटना वार्ड नंबर 20 में एक प्रार्थना सभा के दौरान हुई।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तनौद के वार्ड नंबर 20 में रविवार को एक प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। हिंदू संगठनों से धर्मांतरण के आरोपों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के पास्टर संजू दांडेकर और किरारी गांव के मोती सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि वे लोगों पर हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे थे। साथ ही, उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जांजगीर-चांपा में 61 लाख से अधिक का मादक पदार्थ नष्ट
जांजगीर-चांपा
जांजगीर चांपा जिले में 61 लाख रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ नष्ट किए गए हैं। इनमें गांजा, नशीली टेबलेट और सिरप शामिल थे, जिन्हें प्रकाश इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड (PIL) की भट्टी में जलाकर नष्ट किया गया। यह कार्रवाई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए मादक पदार्थों पर की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) उमेश कश्यप ने बताया कि जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति, जांजगीर चांपा के साथ मिलकर यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थ गांजा, नशीली दवाएं, टेबलेट और सिरप का परिवहन के साथ बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान 61 लाख रुपये से अधिक का सामान जब्त किया गया था।
सोमवार को PIL की भट्टी में इन मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए सामान में 115 किलो 452 ग्राम गांजा शामिल था, जिसकी अनुमानित कीमत 57 लाख 50 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त, 35 हजार 833 नग नशीली टेबलेट भी नष्ट की गईं, जिनकी कीमत 3 लाख 40 हजार रुपये थी। साथ ही, 616 नग नशीली सिरप को भी जलाया गया, जिनकी कीमत 47 हजार 608 रुपये आंकी गई थी।
ग्राम पंचायत बरभाठा (ब) में केककाट कर मनाईं अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती
छत्तीसगढ़ राज्य निर्माता, सुशासन के आदर्श प्रतिमान, करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत और पथ प्रदर्शक, पूर्व प्रधानमंत्री 'भारत रत्न श्रध्देय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन आज जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के ग्राम पंचायत बरभाठा (ब) में अटल चौक पर छाया चित्र में पुष्प अर्पित किया गया, ग्राम पंचायत के व स्थानीय लोगों ने श्रीफल तोड़कर पुजा अर्चनाकर नम आंखों से जयंती को मनाया, जिसमें अनुभा भारती सरपंच, भूषण चंद्रा पिछड़ा वर्ग मोर्चा अध्यक्ष, परिमल चंद्रा पूर्व मंडल अध्यक्ष,सचिव द्वारिका बरेठा, राधिका चंद्रा पुर्व मंडल मंत्री कोसीर,भरत चंद्रा पूर्व मंडल मंत्री,
रोहित जोल्हे,शिव प्रसाद चंद्रा, फुलटोरी भारती पंच,छबिलाल भरती पंच, सावन बाई, संतोष चंद्रा, ठाकुर राम सिदार, परमानंद, रोहित सिदार, हरिशंकर मंशा भरती,मखनु भारती, उपस्थित रहे l
“बिहान योजना बनी महिलाओं की पहचान, संतोषी रात्रे के नेतृत्व में बुदेली क्लस्टर में हरियाली का संकल्प”
बरमकेला/ बरमकेला विकासखंड के बुदेली क्लस्टर में बिहान योजना आज महिलाओं के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का मजबूत मंच बनकर उभरी है। इस योजना से जुड़कर महिलाएं न सिर्फ आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरे जोश और समझदारी से निभा रही हैं।
इसी प्रेरक बदलाव की अगुआई कर रही हैं बुदेली क्लस्टर की जेंडर सखी संतोषी रात्रे, जिनकी सक्रियता और सोच ने महिलाओं को एक नई दिशा दी है।
बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं को जागरूक करने के साथ-साथ जेंडर सखी संतोषी रात्रे ने अब पर्यावरण बचाओ अभियान की भी सशक्त शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत आज गांव में फलदार वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया गया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि अब महिलाएं सिर्फ अपने घर तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि गांव और समाज के भविष्य के लिए भी आगे आ रही हैं।
इस अवसर पर संतोषी रात्रे ने कहा कि
“क्षेत्र में लगातार बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। पेड़ न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जीवन का आधार भी देते हैं। इसलिए हमारा प्रयास है कि हर गांव में हमारे केडर और बिहान से जुड़ी महिलाएं मिलकर वृक्षारोपण करें और लोगों को इसके महत्व के प्रति जागरूक करें।”
उन्होंने आगे कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनभागीदारी की पहल होगी। बुदेली क्लस्टर के प्रत्येक गांव में चरणबद्ध तरीके से वृक्षारोपण कर हर घर तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया जाएगा।
जेंडर सखी संतोषी रात्रे ने एक अनोखी और प्रेरणादायक अपील भी की। उन्होंने कहा कि
“बिहान योजना से जुड़ी हर महिला से मेरी अपील है कि जब भी किसी महिला का या उसके बच्चे का जन्मदिन आए, तो केक और मिठाई के साथ-साथ एक पेड़ जरूर लगाएं। यह पेड़ उस जन्मदिन की याद के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के लिए जीवनदायी उपहार बनेगा।”
उनकी इस सोच ने महिलाओं में नई ऊर्जा भर दी है। अब महिलाएं जन्मदिवस जैसे खुशियों के अवसर को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का संकल्प ले रही हैं।
आज बुदेली क्लस्टर की महिलाएं यह साबित कर रही हैं कि बिहान योजना महिलाओं के लिए सचमुच वरदान है। आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
जेंडर सखी संतोषी रात्रे के नेतृत्व में बुदेली क्लस्टर एक नई पहचान बना रहा है, जहां महिलाएं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए समाज, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख रही हैं।
जांजगीर-चांपा में केबल चोरी गिरोह का भंडाफोड़,11 गिरफ्तार:
जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय केबल तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और अकलतरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 टन चोरी का केबल जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये है।
जब्त की गई संपत्ति में चोरी में इस्तेमाल किए गए गैस कटर, वायर कटर, एक कंटेनर ट्रक, बोलेरो नियो वाहन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इन सभी की कुल कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए केबल तार को राज्य से बाहर बेचने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें समय रहते पकड़ा गया।
23 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में चोरी का बिजली केबल लोड कर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला जेल के पीछे शासकीय स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर वाहन को रोका। जांच के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में केबल, गैस कटर और सिलेंडर बरामद किए गए।
पूछताछ में वाहन चालक फिरोज खान ने बताया कि केबल नैला निवासी आसिफ रजा के गोदाम से लोड कर दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोदाम में छापा मारा और बड़ी मात्रा में चोरी का केबल जब्त किया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना अकलतरा में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धान खरीदी में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, बांकी प्रभारी हटाने के निर्देश निरजाम और बांकी धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण, किसानों से की सीधी बातचीत
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली | जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुचारु और किसान हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बांकी और निरजाम धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी से जुड़ी व्यवस्थाओं, अब तक हुई खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, किसानों के पंजीयन, डीओ कटने की स्थिति, रकबा समर्पण तथा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धान खरीदी शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों के हित सर्वोपरि हैं और व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता तथा समयबद्धता अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान बांकी धान खरीदी केंद्र में टोकन कटने की स्थिति और तौल व्यवस्था का अवलोकन किया गया। इस दौरान किसानों द्वारा शिकायत की गई कि केंद्र प्रभारी द्वारा बिना हमाल के किसानों से ही तौलाई और धान पलटी कराई जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और संबंधित प्रभारी को तत्काल हटाने तथा नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए।
कलेक्टर ने रकबा समर्पण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की और चेतावनी दी कि इसमें किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धान उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।
इसके बाद निरजाम धान उपार्जन केंद्र का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने तौल व्यवस्था और धान की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में अमानक धान की खरीदी न की जाए और यदि अमानक धान पाया जाता है तो तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और कोचियों व बिचौलियों से दूर रहने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान सहकारिता आयुक्त हितेश श्रीवास, जिला खाद्य अधिकारी हुलेश डड़ेसना, जिला विपणन अधिकारी मनोज यादव, सीसीबी नोडल संतोष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अतुल साहू बने एबीवीपी मुंगेली के 5 वा बार जिला संयोजक
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 58 वा प्रांत अधिवेशन इस्पात नगरी भिलाई में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ | इस अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के छात्र शक्ति का नेतृत्व करने वाले छात्र संगठन के पदाधिकारी सम्मिलित हुए इस अधिवेशन में आगामी कार्ययोजना एवं दायित्वों की घोषणा की गई | अधिवेशन के दौरान संगठन के सक्रिय कार्यकर्ता अतुल साहू जी को उसमें निरंतर संगठनात्मक कार्य, छात्रहित में सक्रिय भूमिका एवं नेतृत्व क्षमता को देखते हुए | लगातार 5 वा बार मुंगेली जिला के जिला संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई |
अतुल साहू पूर्व में प्रदेश कार्यकारणी सदस्य मुंगेली नगर मंत्री,सह मंत्री,जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वाहन करते लगभग सात वर्ष से परिषद से जुड़े हुए है | लगातार छात्र हित के मुद्दे को लेकर आंदोलन , प्रदर्शन , छात्राओं की समस्याओं में हमेशा खड़े रहते दिखते है तथा लगातार सक्रियता को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांत एवं विभागीय पदाधिकारियों के कहा कि अतुल साहू का अनुभव एवं समर्पण संगठन को नई दिशा और छात्रहित को कार्य को और अधिक सशक्त बनाएगा |
मनरेगा से बदलेगी ग्रामीण आजीविका की तस्वीर जिले में 600 ‘आजीविका डबरी’ निर्माण का लक्ष्य, होगा जल का संरक्षण
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । ग्रामीण क्षेत्रों में हितग्राहियों की आय बढ़ाने और स्थायी आजीविका के साधनों को सुदृढ़ करने की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए जिले में 600 आजीविका डबरी निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह योजना विभिन्न विभागों के समन्वय (कन्वर्जेन्स) से संचालित की जा रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों को बहुआयामी लाभ प्राप्त होंगे।
आजीविका डबरी के निर्माण से वर्षा जल संचयन, भू-जल रिचार्ज तथा खेतों में आवश्यक सिंचाई की सुविधा सुनिश्चित होगी। इससे खरीफ एवं रबी दोनों फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होगी। साथ ही, पशुपालन एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों के माध्यम से किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर भी प्राप्त होंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर पात्र हितग्राहियों का चयन कर कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है। आजीविका डबरी ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन, रोजगार सृजन और आय संवर्धन को एक साथ आगे बढ़ाएगी।
कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि आजीविका डबरी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का प्रभावी मॉडल है। विभिन्न विभागों के कन्वर्जेन्स से यह योजना लोगों को बहुआयामी लाभ प्रदान करेगी। जिले में 600 आजीविका डबरी के निर्माण से बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और साथ ही जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे मनरेगा योजना के अंतर्गत हितग्राही मूलक आजीविका डबरी निर्माण के लिए आगे आएँ और इस योजना का अधिकतम लाभ उठाएँ।
कोहरे व धुंध के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जारी की एडवाइजरी नागरिकों व वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। वर्तमान में बढ़ती ठंड, कोहरे और धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (IPS) द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए विशेष यातायात सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है। मुंगेली पुलिस का लक्ष्य “शून्य दुर्घटना” सुनिश्चित करना है, जिसके लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जारी किए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:
कोहरे में वाहन संचालन: वाहन चलाते समय हेडलाइट को लो-बीम पर रखें। हाई-बीम का प्रयोग कोहरे में दृश्यता को कम करता है। फॉग लाइट व रिफ्लेक्टर का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
गति व दूरी: वाहन की गति नियंत्रित रखें तथा आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घने कोहरे में ओवरटेक व बार-बार लेन बदलने से बचें।
सुरक्षा उपकरण: दोपहिया वाहन चालक आईएसआई (ISI) मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें।
एकाग्रता: वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। ध्यान भटकना गंभीर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है।
वाहन जांच: यात्रा से पूर्व वाहन के ब्रेक, हेडलाइट, इंडिकेटर व अन्य आवश्यक उपकरणों की जांच अवश्य करें।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है कि प्रमुख मार्गों पर गश्त बढ़ाई जाए तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। नागरिकों से अपील की गई है कि जल्दबाजी से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
नगर पंचायत अध्यक्ष पर मिथ्या शिकायत करने का पार्षदों ने लगाया आरोप
बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर - नगर पंचायत राजपुर के पार्षदों ने प्रेस वार्ता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह पर नगर के विकास कार्यों में अवरुद्ध उत्पन करने के लिए लगातार मिथ्या शिकायत कलेक्टर बलरामपुर के समझ करने का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह के द्वारा नगर के लोक हित के लिए किसी भी प्रकार की कार्य योजना नहीं हैं बल्कि वो लगातार दलालों के झांसे में आकर नगर पंचायत के कार्यों के साथ ही नगर पंचायत के अधिकारी कर्मचारियों पर दवाब बनाने के लिए उनके खिलाफ भी मिथ्या शिकायत कर रहें हैं एक तरफ तो नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह ट्रिपल इंजन सरकार का ढोल पीटते हुए विधायक सांसदों के साथ मंच साझा करते हुए जनता को अपने भ्रम जाल में फसाते हुए नगर विकास कार्य के दावे करते नजर आते हैं जबकि वर्तमान परिषद गठन हुए नौ माह बीत जाने के बाद भी शासन स्तर से स्वीकृति के नाम पर निकाय को कुछ भी प्राप्त नहीं हो पाया हैं वहीं इसी विधानसभा के कुसमी नगर पंचायत में डबल इंजन के विरुद्ध निर्वाचित अध्यक्ष होने के बावजूद भी लगातार कुसमी निकाय में निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिल रही हैं वहीं अध्यक्ष धरम सिंह के द्वारा मंगल भवन निर्माण स्ट्रीट लाइट सीएमओ के ऊपर डीजल चोरी जैसे आरोपों पर शिकायत के छह माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई जिससे ये स्पष्ट हैं कि नगर पंचायत अध्यक्ष स्वयं से निर्णय न लेकर दलालों के झांसे में आते हुए मिथ्या शिकायत करने में व्यवस्त हैं जिसके कारण नगर का लोकहित कार्यों के साथ ही विकास कार्य रुक सा गया हैं नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह को अपनी इस करतूत के लिए जनता से माफ़ी मांगने के साथ ही नैतिकता के आधार पर अपना इस्तीफा देना चाहिए प्रेस वार्ता के दौरान पार्षद प्रभात रंजन त्रिपाठी विशवास कुमार गुप्ता नेहा चौबे सहित गणमान्य नागरिक राजेंद्र सिंह कौशल चौब उपस्थिति थे!
साहित्य सृजन संस्थान" के 40वीं काव्य संध्या पर हुआ कवि विजय कुमार कोसले की कृति "राष्ट्र का एहसास" का विमोचन।
साहित्य सृजन संस्थान,रायपुर छ.ग.के अयोजित होने वाली मासिक काव्य संध्या पर कवि विजय कुमार कोसले की कृति "राष्ट्र का एहसास" का विमोचन सम्माननीय अतिथियों के द्वारा रविवार 21/12/25 को वृंदावन हाल, सिविल लाइन रायपुर छत्तीसगढ़ में किया गया। जहां मुख्य अतिथि के रूप में डॉ संजय अलंग जी पुर्व आईएस अधिकारी और वरिष्ठ साहित्यकार राजकुमार धर द्वेदी जी उपस्थित थे।उनके इस आलेख संग्रह पर सरस, प्रेरणात्मक एवं मार्मिक हिंदी और छत्तीसगढ़ी कविताओं के साथ-साथ अनेकों कहानी, मुक्तक, सुविचार और व्यंग्य सम्मिलित हैं। जो हर पाठक को कुछ न कुछ शिक्षा और संदेश देने में अहम योगदान रखते हैं।
साहित्यकार श्री विजय कुमार कोसले एक ग्रामीण अंचल से समकालीन लेखक,कवि हैं। जो हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रखर कवि के रूप में जानें जाते हैं।जिनका जन्म 3 जुलाई 1990 को छत्तीसगढ़ राज्य के सारंगढ़ बिलाईगढ जिला के ग्राम नाचनपाली में हुआ। वो बीएससी तक पढ़ाई करने के बाद साहित्यिक लाइन से जुड़े हुए हैं। वो ज्यादातर अपने समाज में हो रहे घटनाक्रमों पर कविता, कहानी लिख लोगों को कुछ न कुछ शिक्षा और संदेश देने का काम करता है। कवि विजय कुमार कोसले न केवल साहित्य के क्षेत्र में बल्कि दैनिक अखबार न्युजलाइन नेटवर्क पर जिला संवाददाता के रूप में पत्रकारिता कर विविध सामाजिक घटनाओं को न्युज के माध्यम से आम जन तक पहुंचाने का काम कर चुके हैं। उनके अब तक पांच कृतियां प्रकाशित हो चुकी है।1. सामाजिक विनती 2.कविता बाग 3.कविताओं का महाकुंभ (सांझा संकलन) 4.मन और मैं (सांझा संकलन) 5.राष्ट्र का एहसास। उन्हें अनेक सामाजिक और साहित्यिक मंचों द्वारा सम्मानित भी किया गया है। जैसे - काव्य श्री सम्मान (वक्ता मंच रायपुर छ. ग.), मानव सेवा अवार्ड (वक्ता मंच रायपुर छ. ग.), प्रशस्ति पत्र- सारंगढ़ विधायक उत्तरी जांगड़े, राष्ट्रीय प्रतिष्ठा पुरस्कार (Worthy Wellness Foundation Lucknow UP), भारत के गौरव पुरस्कार ( Radiant Tailent Book of Aword Amravati Maharastra), नेता जी सुभाष चन्द्र बोस भारत रत्न सम्मान (Wellness Foundation NCT Delhi) पुरस्कार से नवाजा गया है। ये सम्मान न केवल उनके रचनात्मक प्रतिभा का प्रमाण है बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी दर्शातें हैं।
छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संग का डायमंड जुबली कार्यक्रम अबूझमाड़ नारायणपुर मे सम्मिलित हुवे जिलाध्यक्ष अनिल कुमार चौहान
छ. ग. लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ का 75 वर्ष पूर्ण होने पर जिला नारायणपुर मे (एकता अभियान साथी सम्मान )के थीम पर कार्यक्रम रखा गया था जिसमे मुख्य अतिथि प्रान्ताध्यक्ष श्री विन्देश्वर राम रौतिया जी,विशिष्ठ अतिथि प्रांतीय महामंत्री श्री योगेश चौरे जी, सभागीय अध्यक्ष सनकू कर्मा जी,
अतिथि जिलाध्यक्ष-सारंगढ़ बिलाईगढ़ श्री अनिल कुमार चौहान जी ,जिलाध्यक्ष- रायगढ़ श्री वेद प्रकाश अजगल्ले जी , जिलाध्यक्ष (अजाक) रायगढ़ श्री कमल सिंह सारथी जी को मांदर की थाप (धुन)पर आदिवासी लोक नृत्य करते हुवे अबूझमाड़ नारायणपुर की शहर की गलियों मे आतिशबाजी के साथ रैली निकालकर हजारों की संख्या मे ससम्मान पुष्प गुच्छ,पारम्परिक तौर तरीका के साथ टीका लगाकर, बेच लगाकर तथा महामाला पहनाकर स्वागत अभिनन्दन किया गया।
उपस्थित हजारों कर्मचारियो के समक्ष 2025 मे दर्जनों सेवनिवृत हुये अपने कर्मचारी साथियो को ससम्मान शाल श्रीफल एवं मोमेंटो से विदाई दिया गया साथ भविष्य मे जरूरत पर सहयोग की अपील की गई, पदोन्नत दर्जन कर्मचारियों को शाल श्रीफल से नवीन दायित्व के लिये बधाई एवं शुभकामनायें दिया गया। एवं नवनियुक्त दर्जनों कर्मचारियों को पुष्प हार बुके गमछा से ससम्मान स्वागत किया गया साथ वचन लिया गया की आपसे संगठन हैं और संगठन से आप इसलिए संगठन के रीत मे और संगठन के हित मे कार्य करेंगे।
सभी कर्मचारी साथियो द्वारा कार्यक्रम का आनंद लेते हुवे सभी आगतुको का स्वागत किया गया।
अंततः छ. ग. लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ के प्रान्ताध्यक्ष द्वारा समस्या समाधान पर चर्चा शुरू करते हुवे निराकरण करने का सटीक उपाय एवं कई कार्य लंबित होना बताया गया। संगठन के लंबित कार्य पूर्ण नहीं होने के स्थिति मे आने वाले समय मे हड़ताल घेराव कर शासन प्रशासन को लोहा मनवाने का कार्य करेगा तथा सभी कार्य जल्द पूर्ण कराने का आश्वाशन दिया गया।कार्यक्रम को अंतिम रूप देते हुवे कार्यक्रम के आयोजक छत्तीसगढ़ लघु वेतन शासकीय चतुर्थ वर्ग कर्मचारी संघ जिला शाखा नारायणपुर के जिलाध्यक्ष मंगलू राम उसेंडी एवं पुरे टीम द्वारा सभी आगँतुको का आभार ब्यक्त किया गया।
कलेक्टर एवं विधायक के करकमलों से हुआ सारंगढ़ मीडिया हाउस का भव्य शुभारंभ..
एसपी आंजनेय वैर्ष्णेय एवं भाजपा अध्य्क्ष ज्योति पटेल ने किया सम्बोधन...
सारंगढ़। जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र को नई दिशा देने वाले सारंगढ़ मीडिया हाउस का भव्य उद्घाटन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नाजे एवं विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े के करकमलों से संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक, राजनीतिक और पत्रकार जगत से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नाजे ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निष्पक्ष, जिम्मेदार एवं जनहितकारी पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल देते हुए मीडिया हाउस को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संवेदनशील पुलिस अधीक्षक आजनेय वैष्णेय ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय से ही समाज में पारदर्शिता और विश्वास कायम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्रता पुलिस प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सारंगढ़ मीडिया हाउस को क्षेत्र की आवाज बनने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की शुभकामनाएं दीं।
पत्रकार एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता हरिनाथ खूंटे ने कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होते हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षा, सम्मान और मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ता है।
उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से पत्रकारों की समस्याओं के शीघ्र समाधान, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सकारात्मक संवाद स्थापित करने की अपील की।
निष्पक्ष पत्रकारिता पर जोर देते हुए जनप्रतिनिधि बिनोद भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए सत्ता पक्ष से बिना झुके निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए सच को सामने लाना चाहिए, तभी समाज में पारदर्शिता और विश्वास कायम रह सकता है।
मीडिया हाउस के डायरेक्टर भरत अग्रवाल ने कार्यक्रम के समापन अवसर पर मंचासीन समस्त अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही सारंगढ़ मीडिया हाउस अपने उद्देश्य में सफल होकर जनहित में कार्य करेगा।
इस अवसर पर मिस्टर छत्तीसगढ़ राजेश पप्पू नायक, जिलापंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण मालाकार, युवा भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे, सांसद प्रतिनिधि अरुण गुड्डू यादव, जनपद अध्यक्ष ममता राजीव ठाकुर, नगरपालिका प्रतिनिधि अजय बंजारे, कराते मास्टर विजेंद्र गुड्ड यादव, राजीव ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल, सारंगढ़ जनपद सीईओ श्री नायक, जय प्रकाश गुप्ता,कृष्णा महिलाने, वैष्णव समाज जिला महिला संरक्षक सत्यवती वैष्णव, प्रदेश युवा अध्यक्ष विश्वनाथ बैरागी सहित मीडिया हाउस से भरत अग्रवाल, जगन्नाथ बैरागी, केशव वैष्णव, कमल सिँह यादव, अश्वनी साहू, दिलीप टंडन, अनुराज साहू, पुरुषोत्तम चौहान, रामगोपाल वैष्णव सहित पूरी टीम उपस्थित थी। सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक दिन भर मीडिया हाउस पहुंचकर बधाई एवं सहयोग प्रदान करते रहे। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा मीडिया हाउस की भावी योजनाओं की जानकारी साझा की गई।
सारंगढ़ मीडिया हाउस के शुभारंभ से जिले में पत्रकारिता को एक संगठित मंच मिलेगा, जिससे जनहित के मुद्दों को और अधिक प्रभावी ढंग से सामने लाया जा सकेगा।
मामा–भांजा की आपराधिक तिकड़ी का आतंक: पत्रकार दम्पत्ति को जान से मारने की धमकी, हत्या की साजिश के ठोस सबूत; पुलिस की ढिलाई से अपराधियों के हौसले बुलंद
जिले में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 01 लाख 19 हजार से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । जिले में दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार थीम पर सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जिले और समाज के स्वस्थ भविष्य की नई है। पोलियो जैसी बीमारी से पूर्ण मुक्ति तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस महाअभियान में सहभागिता निभाएं। इस अभियान के अंतर्गत जिला मुंगेली में कुल 01लाख 19 हजार 503 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान के तहत 814 बूथ में 1728 कर्मचारियों द्वारा पोलियो ड्राप पिलाया गया। टीकाकरण अधिकारी डॉ. खैरवार ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत आज सभी बूथों में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया गया। छूटे हुए 0 से 5 वर्ष के बच्चों को 22 और 23 दिसंबर को उनके घरों में जाकर पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक मनीष गुप्ता सहित चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं टीकाकरण स्टाफ उपस्थित रहे। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को सफल बनाने हेतु शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बूथों, भ्रमण दलों एवं ट्रांजिट टीमों के माध्यम से सघन टीकाकरण कार्य किया जा रहा है।
सर्व कनौजिया श्रीवास समाज पथरिया ब्लॉक का गठन, नई कार्यकारिणी घोषित
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
पथरिया । सर्व कनौजिया श्रीवास समाज मुंगेली के तत्वावधान में दिनांक 16 दिसंबर 2025, मंगलवार को पथरिया में समाज की एक महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान पथरिया ब्लॉक इकाई का गठन किया गया तथा नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
इस अवसर पर मुंगेली जिला इकाई की ओर से जिलाध्यक्ष मुकेश श्रीवास, सचिव रंजीत श्रीवास एवं जलेश श्रीवास की उपस्थिति में पथरिया ब्लॉक अध्यक्ष का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। सर्वसम्मति से परमेश्वर श्रीवास को पथरिया ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।
नई घोषित पथरिया ब्लॉक कार्यकारिणी में
अध्यक्ष – परमेश्वर श्रीवास
सचिव – भोला श्रीवास
उपाध्यक्ष – दिनेश श्रीवास
सह सचिव – प्रेम श्रीवास
मीडिया प्रभारी – जितेंद्र श्रीवास
मुख्य सलाहकार – रामस्वरूप श्रीवास
संरक्षक – मनहरण श्रीवास एवं राजेंद्र श्रीवास
इस प्रकार कुल 10 सदस्यों की ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया।
बैठक में पथरिया सहित आसपास के अनेक गांवों से समाज के वरिष्ठजन, सम्मानित सदस्य एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को समाज के वरिष्ठजनों द्वारा पद का दायित्व सौंपा गया तथा समाज हित में कार्य करने का आशीर्वाद प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सचिव भोला श्रीवास ने कहा कि समाज के उत्थान, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक एकता के लिए यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि समाज में होने वाली गतिविधियों को सशक्त रूप देने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के लिए आगे भी नियमित बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ब्लॉक गठन के साथ ही समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।