कोहरे व धुंध के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जारी की एडवाइजरी नागरिकों व वाहन चालकों से सतर्कता बरतने की अपील
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली। वर्तमान में बढ़ती ठंड, कोहरे और धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (IPS) द्वारा आम नागरिकों एवं वाहन चालकों के लिए विशेष यातायात सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा से जुड़ा विषय है। मुंगेली पुलिस का लक्ष्य “शून्य दुर्घटना” सुनिश्चित करना है, जिसके लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है।
जारी किए गए प्रमुख दिशा-निर्देश:
कोहरे में वाहन संचालन: वाहन चलाते समय हेडलाइट को लो-बीम पर रखें। हाई-बीम का प्रयोग कोहरे में दृश्यता को कम करता है। फॉग लाइट व रिफ्लेक्टर का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
गति व दूरी: वाहन की गति नियंत्रित रखें तथा आगे चल रहे वाहन से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घने कोहरे में ओवरटेक व बार-बार लेन बदलने से बचें।
सुरक्षा उपकरण: दोपहिया वाहन चालक आईएसआई (ISI) मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें।
एकाग्रता: वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें। ध्यान भटकना गंभीर दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है।
वाहन जांच: यात्रा से पूर्व वाहन के ब्रेक, हेडलाइट, इंडिकेटर व अन्य आवश्यक उपकरणों की जांच अवश्य करें।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है कि प्रमुख मार्गों पर गश्त बढ़ाई जाए तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए। नागरिकों से अपील की गई है कि जल्दबाजी से बचें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।