क्राइम

कोरबा में पेड़ से लटकी मिली युवक की लाश

कोरबा 

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के वनांचल ग्राम बोतली में एक 19 साल के युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सांझी लाल राठिया के रूप में हुई है। उसका शव उसके खेत में स्थित महुआ के पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

सांझी लाल अपने पिता रायसिंह राठिया के साथ रहता था। उसकी मां का कुछ साल पहले निधन हो चुका था। वह घर की जिम्मेदारी के साथ खेती-किसानी भी संभालता था। घटना की रात वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने गया था।

सुबह जब परिजन उठे तो सांझी अपने कमरे में नहीं था। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने उसके शव को खेत से करीब 200 मीटर दूर पेड़ पर लटका देखा। मृतक का दाहिना हाथ रस्सी से बंधा हुआ था, जो पेड़ की ऊपरी शाखा तक जा रही थी। इस स्थिति के कारण पुलिस को हत्या की आशंका है।

जांच में पता चला कि मृतक ने रात करीब 3:30 बजे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आखिरी स्टेटस अपडेट किया था। इस स्टेटस में उसने 'आखिरी बार देख लो' जैसा संदेश लिखा था, जिस पर उसके दोस्तों ने कमेंट भी किए थे। कोरबा के सीएसपी भूषण एक्का के अनुसार, पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर छानबीन कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image