एटमॉस्फीरिया रेस्टोरेंट के मैनेजर पर FIR
रायपुर
रायपुर के VIP रोड स्थित एटमॉस्फीरिया द कोर्टयार्ड किचन रेस्टोरेंट के मैनेजर के खिलाफ मारपीट के आरोप में FIR दर्ज की गई है। कारोबारी साहिल तायल का आरोप है कि कोयले के बकाया 20 हजार रुपए मांगने पहुंचने पर मैनेजर प्रशांत ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर हाथ-मुक्के और डंडे से पिटाई कर दी। घटना में साहिल के बाएं गाल, कान और पैर में चोट आई है। तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता साहिल तायल मूल रूप से ओडिशा के बलांगीर जिले के कांटाबांजी का रहने वाला है। वह फिलहाल रायपुर के फूलचौक स्थित RDA बिल्डिंग के लॉज में रहता है। साहिल लकड़ी और कोयले का कारोबार करता है।
उसके मुताबिक, करीब दो महीने पहले उसने एटमॉस्फीरिया रेस्टोरेंट में 20 हजार रुपए का लकड़ी का कोयला बेचा था। भुगतान नहीं मिलने पर वह 31 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे बकाया रकम मांगने रेस्टोरेंट पहुंचा था।
साहिल ने पुलिस को बताया कि रेस्टोरेंट में उसने मैनेजर प्रशांत से बकाया पैसे मांगे। इस पर मैनेजर ने फिलहाल पैसे नहीं होने की बात कहते हुए सोमवार को आने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान मैनेजर गाली-गलौज करने लगा।
साहिल ने इसका विरोध किया तो उसे रेस्टोरेंट से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि इसके बाद मैनेजर ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के व डंडे से हमला कर दिया।
कारोबारी का दावा है कि घटना के समय रेस्टोरेंट के अन्य कर्मचारी भी वहां मौजूद थे। मारपीट में उसके बाएं गाल, कान और पैर में चोट आई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज की है।
मामले में एटमॉस्फीरिया द कोर्टयार्ड किचन प्रबंधन से भी बातचीत करने की कोशिश की गई, लेकिन प्रबंधन ने अपना पक्ष नहीं रखा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।