डकैती के 48 घंटे के भीतर 3 आरोपी गिरफ्तार:
कबीरधाम
कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में डकैती की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना हुई थी। आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद उनके पास रखे सामान और जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही तरेगांव जंगल थाने में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत BNS की धारा 309(6), 126(2), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। विवेचना के दौरान 100 से अधिक फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके अलावा आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पंडरिया और अन्य पुलिस टीमों ने संदिग्ध निखिल कुर्रे और संजय भास्कर की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को देखकर निखिल कुर्रे मोटरसाइकिल से भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे ग्राम बिरकोना के पास पकड़ लिया।
उससे मिली जानकारी के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद वे लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे और चौपाटी के पास एकत्र हुए। इसके बाद चांदी के जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई। आरोपियों ने जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस शेष दो आरोपियों की तलाश में जुटी है।