हनी ट्रैप का वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 17 लाख फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर चाम्पा
जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत हनी ट्रैप में फंसाकर 17 लाख रूपयें फिरौती की मांग करने वाले आरोपी एक महिला पुरूष को सायबर टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महज 06 घंटे में आरोपियों को पुलिस ने धरदबोचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून की शाम 07 बजे ग्राम बसंतपुर निवासी बुधराम साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका पुत्र किशन साहू रोड तरफ घुमने निकला था कि रात्रि 08:00 बजे उसके पुत्र के मोबाईल से प्रार्थी के मोबाईल में अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। उसने प्रार्थी के पुत्र को एक लड़की से गलत काम करते पकड़े जाने की बात कही। साथ ही विडियो बनने की बात कहते हुए उसके पुत्र को छोड़ने के एवज में 17 लाख रूपये लेकर पहरिया के आगे कोरबा रोड मे आने को कहा, ऐसा नही करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके अलावा गाली गलौच कर मार पीट भी किया। प्रार्थी को बार-बार फोन कर रकम की मांग करते हुए धमकी देते रहे। मामले मे प्रार्थी के रिपोर्ट पर धारा 140 (2) बी.एन.एस. कायम कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना जांजगीर एवं सायबर सेल की टीम गठित कर घटना स्थल रवाना की गई, जिसमे पहरिया के आगे खेतो के बीच स्थित बोर के मकान अंदर से एक आरोपी अभय कुमार सूर्यवंशी के कब्जे से अपहृत युवक को बरामद किया गया। आरोपी से पूछताछ पर उसने बताया कि अपने एक अन्य साथी तथा महिला साथी आयशा बेगम उर्फ अन्नू उर्फ अस्मिता साहू के माध्यम से चेट कर युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर प्रार्थी से उसके पुत्र को वापस करने की एवज में 17 लाख रूपये की मांग की जा रही थी। प्रकरण की एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी पतासाजी की जा रही है। पकड़े गए दोनो आरोपी के विरुद्ध अपराध धारा सदर का सबूत पाए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस कार्यवाही में निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी थाना प्रभारी जांजगीर, सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, साइबर टीम सउनि विवेक सिंह, प्र.आर. मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आर प्रदीप दुबे, शहबाज अहमद का सराहनीय योगदान रहा।