क्राइम

हॉलीवुड फिल्में देखकर 9 मिनट में चुराए 17 iPhone

रायपुर

रायपुर में कारोबारी के बेटे ने हॉलीवुड फिल्में देखकर कम समय में सफाई से चोरी करने का तरीका सीखा, फिर रिलायंस डिजिटल स्टोर से 9 मिनट में 17 आईफोन चोरी कर लिए। उससे जिस-जिस ने चोरी के सस्ते आईफोन खरीदे वो एक-एक कर गिरफ्तार होते गए। मामला सरस्वती नगर थाने का है। रिलायंस रिटेल लिमिटेड में 25-26 मई की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे एक चोर स्टोर का फ्रंट कांच तोड़कर अंदर घुसा। वो एप्पल के काउंटर के पास पहुंचकर करीब 17 सील पैक आईफोन थैले में भरकर भाग गया।

आसपास से गुजर रहे लोगों ने उसे भागते देखा तो पुलिस को सूचना दी। क्राइम ब्रांच और सरस्वती नगर पुलिस की सयुंक्त टीम ने छानबीन शुरू की। पुलिस को मौके पर एक स्कूटी भी मिली, जिसे चोर अपने साथ लेकर आया था। भागने के दौरान चाबी गिरने से वो स्कूटी छोड़ दिया था।

पुलिस सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोर के भागने के रूट की जांच की।

पुलिस कई लोगों से पूछताछ करते हुए आरोपी तक पहुंच गई। पता चला कि वो चौबे कॉलोनी का निवासी मयंक दीक्षित है। उसके पिता कारोबारी हैं। जिनका क्रेन और हैवी मशीनरी से जुड़ा काम है। 

बताया जा रहा है कि युवक जिस स्कूटी में आया था, वो भी उसी की थी। हालांकि इस बात की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने बताया कि, युवक को हॉलीवुड फिल्में देखने का शौक है। उसे लगा कि चोरी करना आसान है। इसके लिए उसने इंटरनेट से भी चोरी के कई पैटर्न देखे। उसने कम समय में किस तरह चोरी की जाए इसकी साजिश रची। रिलायंस स्टोर घर से करीब था, इसलिए उसे टारगेट मिल गया।

आरोपी ने स्टोर से करीब 17 आईफोन चोरी किए थे। जिसे बेचने के लिए वो शहर के कई दुकानदारों और लोगों से संपर्क किया। इन्हीं में से एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे आरोपी फंस गया। इसके अलावा जिन-जिन लोगों ने आरोपी के पास से आईफोन खरीदा उनमें कई दुकानदार भी हैं।

पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, पुलिस ने 21 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है।

Leave Your Comment

Click to reload image