रायपुर के थाने में युवक ने खुद का गला काटा
रायपुर
रायपुर में पुलिस थाने के अंदर युवक ने खुद का गला काट दिया है। उसने पुलिसकर्मियों के सामने खुद के गले पर ब्लेड चलाकर आत्महत्या की कोशिश की है। इस घटना के बाद थाना प्रभारी समेत अन्य स्टाफ फौरन युवक को मेकाहारा अस्पताल ले गए।
अस्पताल में युवक का इलाज जारी है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि युवक का नाम सूरज नाथ जोगी (25 साल) है। वह कुशालपुर इलाके का रहने वाला है। घटना 29 मई की शाम 8 बजे की है। सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि युवक मौदहापारा पुलिस थाने में एंट्री करता है। पुलिस जब पूछती है कि क्या तकलीफ है तो, मुझे मरना है कहता है। इसके बाद कुछ मिनटों में युवक अपने हाथ में रखे ब्लेड को अपने गले पर चला देता है।
पुलिस के मुताबिक, युवक के भाई का कहना है कि वह नशे का आदी है। इस तरह की हरकत वह पहले भी कर चुका है। फिलहाल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर है।