क्राइम

खरौद में मासूम से दुष्कर्म के मामले में जन आक्रोश, हजारों लोगों ने निकाली रैली पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश पहुंचे पीड़ित परिवार से मिलने, आरोपी को फांसी देने की मांग से गूंजा नगर

रिगनी / 

खरौद  जांजगीर-चांपाजिले के नगर पंचायत खरौद में 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में नगरवासियों ने जन आक्रोश रैली निकालकर आरोपी को फांसी देने की मांग की। रैली में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पूरा नगर आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग से गूंज उठा।

रैली में शामिल लोग नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गदर चौक पहुंचे। इसके बाद लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर होते हुए नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। यहां से रैली खरौद पुलिस आउटपोस्ट पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। लोगों ने एक स्वर में आरोपी छोटेलाल साहू (55) को फांसी देने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मासूम बच्चियों के खिलाफ ऐसे गंभीर अपराध करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

विधायक शेषराज हरवंश ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश भी पीड़ित परिवार से मिलने खरौद पहुंचे। उन्होंने परिवार से मुलाकात कर घटना पर चिंता जताई। विधायक ने कहा कि घटना के बाद छोटी बच्ची अभी भी डरी हुई है। इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और पीड़ित बच्ची को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का अपराध करने से पहले उसके परिणामों के बारे में सोचे।

जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

जन आक्रोश रैली में नगर पंचायत खरौद के अध्यक्ष गोविंद यादव, उपाध्यक्ष महेश्वर यादव, नगर के गणमान्य नागरिकों और पार्षदों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने घटना पर गहरा आक्रोश जताते हुए पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को कठोरतम सजा देने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

बच्चियों की सुरक्षा को लेकर लोगों में आक्रोश

जन आक्रोश रैली में शामिल लोगों ने बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ऐसे मामलों में न्यायिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़नी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कानून के अनुसार कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
खरौद में निकली इस रैली ने घटना को लेकर नगरवासियों की नाराजगी जाहिर कर दी। पुलिस आउटपोस्ट पहुंचकर लोगों ने काफी देर तक नारेबाजी की और पीड़ित बच्ची को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और न्यायिक प्रक्रिया पर लोगों की नजरें टिकी हुई हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image