कुख्यात बदमाश दीपक नेपाली का भाई आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार:
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग जिले में तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नीरज कुमार सिंह (28) और शुभम यादव (33) शामिल हैं। नीरज, आदतन बदमाश और महादेव सट्टा ऐप मामले में संलिप्त दीपक नेपाली का भाई है।
दोनों आरोपी कैंप-1 इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से दो स्टील की तलवारें और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को वैशाली नगर थाना क्षेत्र में दो लोगों के तलवार लेकर घूमने और राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की और दोनों जगह घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो तलवारें और तीन मोबाइल फोन मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में पकड़ा गया नीरज कुमार सिंह कैंप-1 के प्रेमनगर में 18 नंबर रोड पर मौर्या निवास के पीछे रहता है। पुलिस ने उसके पास से म्यान सहित एक स्टील की तलवार और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तलवार की कीमत करीब 4,500 रुपए और दोनों मोबाइल की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपए बताई गई है।
दूसरा आरोपी शुभम यादव (33) कैंप-1 के संगम चौक का रहने वाला है। उसके पास से एक स्टील की तलवार और सैमसंग मोबाइल फोन मिला है। पुलिस के मुताबिक, तलवार की कीमत करीब 5 हजार रुपए है। दोनों आरोपियों से जब्त तलवारों की कुल कीमत 9,500 रुपए है।
वैशाली नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। शुभम यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/2026 और नीरज कुमार सिंह के खिलाफ अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया गया है। दोनों पर आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 23 अक्टूबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया की गई।