क्राइम

मुंगेली में नाबालिग की हत्या,प्रेम संबंध में शक बना वजह

मुंगेली

मुंगेली जिले के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे (22) का बालिका के साथ पहले प्रेम संबंध था। उसे शक था कि बालिका किसी दूसरे युवक से बातचीत करती है।

इसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर बालिका का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात में सहयोग करने के आरोप में उसके साथी साहिल खाण्डे (20) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात ग्राम नेवासपुर निवासी उत्तम मोहले को सूचना मिली कि उनकी 17 वर्षीय नातिन बिस्तर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। आवाज देने पर भी वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही थी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर बालिका को अचेत अवस्था में पाया। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान थे। दाहिने हाथ और पैर पर भी धब्बेनुमा निशान मिले थे।

सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच की। पुलिस के मुताबिक, जांच में मृतिका का ग्राम लिलवाकापा निवासी अजीत घृतलहरे के साथ पूर्व में प्रेम संबंध होने की जानकारी सामने आई। दोनों के बीच विवाद होने की बात भी पता चली। संदेह के आधार पर पुलिस ने अजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अजीत ने बताया कि वर्ष 2021 से उसका बालिका के साथ प्रेम संबंध था। दोनों परिवारों के बीच बालिग होने पर विवाह को लेकर चर्चा भी चल रही थी। आरोपी बीच-बीच में बालिका को आर्थिक सहायता देता था।

करीब एक साल पहले उसे बालिका के किसी अन्य युवक से बातचीत करने की जानकारी मिली थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने बालिका को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने शव को दूसरे कमरे में बिस्तर पर लिटा दिया, ताकि मौत सामान्य लगे। इसके बाद उसने अपने साथी साहिल को घटना की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान साहिल ने भी वारदात में सहयोग करने की बात स्वीकार की है।

Leave Your Comment

Click to reload image