क्राइम

घुमाने के बहाने पत्नी को नदी में धकेला, मौत:पति बोला- कच-कच करती थी, तंग आ गया था;

राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पति ने घुमाने के बहाने पत्नी को ले जाकर नदी में धकेल दिया। मयूर मेश्राम (24) और नीलम (21) की शादी को डेढ़ साल हुए थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि नीलम की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी, वह हमेशा कच-कच करती थी, इससे तंग आकर वह उसे रास्ते से हटाना चाहता था।

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे स्टेशन पारा निवासी मयूर मेश्राम अपनी पत्नी नीलम को बाइक से घुमाने के बहाने घर से लेकर निकला था। दोनों शिवनाथ नदी के पुल के पास पहुंचे। यहां किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हुआ। इसी दौरान मयूर ने नीलम को नदी में धक्का दे दिया।

नदी में गिरने के बाद नीलम गहरे पानी में चली गई। घटना की जानकारी परिवार वालों तक पहुंची, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश शुरू कराई, लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसका पता नहीं चल सका।

रात में तलाश के बावजूद नीलम का कोई सुराग नहीं मिलने पर अगली सुबह फिर से खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद सुबह करीब 11:30 बजे गोताखोरों ने नदी से नीलम का शव बरामद किया। मृतका के परिजनों ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की, उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

मृतका के परिजनों के अनुसार, नीलम और मयूर के बीच आए दिन पारिवारिक विवाद होता रहता था। उनकी शादी को डेढ़ साल हुए थे। आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी, इसलिए वह उसे रास्ते से हटाना चाहता था

Leave Your Comment

Click to reload image