7 साल की बच्ची से रेप और मर्डर
कोरबा
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में 7 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची 3 दिन से लापता थी। गुरुवार को उसका शव पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में अर्धनग्न हालत में मिला।
जानकारी के अनुसार, बच्ची का परिवार मूल रूप से सक्ती जिले का रहने वाला है। परिवार करीब चार महीने पहले अपने चार बच्चों के साथ काम की तलाश में रजगामार आया था। परिवार करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर रोजी-मजदूरी करता था और इसी से अपना भरण-पोषण कर रहा था।
19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची के पिता ने उसे घर के पास स्थित राशन दुकान से घरेलू सामान लाने के लिए भेजा था। बच्ची दुकान जाने के लिए निकली, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटी।
इसके बाद परिजनों ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर रजगामार चौकी में बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। खोजबीन में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई, लेकिन दो दिन तक बच्ची का पता नहीं चल सका।
गुरुवार को करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया, ताकि जरूरी सबूत जुटाए जा सकें।
एसपी के मुताबिक, पुलिस ने BNS की धारा 302 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी जाएंगी।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि 19 अक्टूबर को लापता हुई बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने टेक्निकल जांच, ह्यूमन इंटेलिजेंस और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी अमित चौहान को गिरफ्तार किया है।