क्राइम

रायगढ़ में घरेलू विवाद में फावड़े से पत्नी की हत्या

रायगढ़

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में घरेलू विवाद के चलते फावड़े से मारकर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस दौरान पुलिस उस पर नजर रख रही थी। तबीयत में सुधार होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सूप के सूरज दास महंत (25) ने पुलिस को बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब साढ़े 8 बजे वह प्लांट में ड्यूटी करने के बाद घर लौटा था। घर पहुंचने पर उसने अपनी मां रूप कुंवर महंत को परछी में जमीन पर बेहोश पड़ा देखा। उसके पिता अमृत लाल महंत भी वहीं बैठे हुए थे।

सूरज ने मां को हिलाकर देखा, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उनके कान से खून निकल रहा था। दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान थे। घर में भी कई जगह खून के छींटे पड़े हुए थे।

सूरज ने जब अपने पिता से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने कोई साफ जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया। फिर मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा कोई और मौजूद नहीं था। ऐसे में पुलिस का शक मृतका के पति अमृत लाल महंत पर गहराने लगा।

इसी दौरान अमृत लाल का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया, जिसके बाद उसे पुसौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अस्पताल में पुलिस उस पर लगातार नजर रख रही थी। इलाज के बाद स्वस्थ होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात उसकी पत्नी खाना बनाने से मना कर रही थी। वह ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद भी कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने फावड़ा और अन्य सबूत जब्त कर अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा करने और गंभीर अपराधों को अंजाम देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कानून के सामने पेश किया जाएगा। इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image