क्राइम

चाचा की गर्दन पर किया धारदार हथियार से वार:

सुकमा

सुकमा जिले के बुरकलंका गांव में मंगलवार शाम एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने अपने चाचा समेत ग्रामीणों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में कुल 8 ग्रामीण घायल हो गए। हमले के कुछ देर बाद आरोपी मुचाकी कोसा की भी मौत हो गई। यह मामला किस्टाराम थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, वह कई दिनों से भूखा-प्यासा था और काफी कमजोर हो गया था। हालांकि, उसकी मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे मुचाकी कोसा ने अचानक धारदार हथियार (बांडा) से अपने चाचा मुचाकी सुकड़ी की गर्दन पर वार कर दिया। इसके बाद उसने दूसरे ग्रामीणों पर भी हमला किया। इस दौरान कुल 8 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

हमले के कुछ देर बाद मुचाकी कोसा अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कई दिनों से खाना नहीं खा रहा था और शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो गया था।

ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत कमजोरी के कारण हुई होगी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।

घटना की सूचना मिलते ही किस्टाराम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंटा में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

पुलिस ने मुचाकी कोसा के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है और हालात नियंत्रण में हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image