क्राइम

डोंगरगढ़ में जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या:

खैरागढ़, राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के चौथना गांव में जादू-टोने के शक में मां-बेटे की हत्या और बेटी पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक ही परिवार के मां केशर सोनकर के साथ उसके दो बेटों हेमंत सोनकर और सोनू सोनकर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, केशर सोनकर को शक था कि उसके देवर सुखी की पत्नी कमला सोनकर जादू-टोना करती है, जिसकी वजह से उसके परिवार में लोग बीमार हो रहे हैं। इसी शक में आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर की हत्या कर दी, जबकि बेटी ममता गंभीर रूप से घायल हो गई।

वहीं आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए घटना के समय पहने गए कपड़े और हथियार के लकड़ी के बेंट को जलाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की टंगिया और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

मामले में साजिश और सबूत मिटाने से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गई हैं। यह मामला डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र का है। इस हमले में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल ममता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया।

9 अक्टूबर को सुखी अपने घर पहुंचा। घर के अंदर उसकी पत्नी कमला सोनकर और बेटा खुमेन्द्र सोनकर मृत अवस्था में मिले। वहीं, बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल पड़ी थी। घर का यह नजारा देखकर परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच टीम बनाई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से मिले सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। इसके साथ ही परिवार से जुड़े लोगों और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई।

जांच के दौरान पुलिस को परिवार में चल रहे विवाद और जादू-टोने के शक की बात पता चली। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे बड़े भाई के बेटे हेमंत कुमार सोनकर (36) पर संदेह के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने हेमंत कुमार सोनकर को 12 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर उसके भाई सोनू सोनकर (34) और उसकी मां केशर सोनकर (55) की भूमिका भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की जांच के अनुसार, परिवार में कुछ सदस्यों की तबीयत खराब रहने को लेकर जादू-टोना किए जाने का शक था। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था।

पुलिस का आरोप है कि विवाद और संदेह के बीच हेमंत कुमार सोनकर ने शुक्रवार की रात अपनी चाची कमला सोनकर और चचेरे भाई खुमेन्द्र सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसने अपनी चचेरी बहन ममता सोनकर पर भी हमला किया। इस हमले में कमला और खुमेन्द्र की मौत हो गई, जबकि ममता गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने इस मामले में हेमंत कुमार सोनकर, सोनू सोनकर और केशर सोनकर को गिरफ्तार किया है। तीनों चौथना गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने 12 अक्टूबर को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के मुताबिक, संयुक्त टीमों ने संदिग्धों की तलाश, पूछताछ और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है

Leave Your Comment

Click to reload image