क्राइम

दूसरे लड़कों से बातचीत का शक,दोस्त से एसिड अटैक करवाया:

बालोद

छत्तीसगढ़ के बालोद में युवक ने हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर दोस्त से एसिड अटैक करवाया। 22 साल की छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में उस पर एसिड फेंका गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी बालोद का रहने वाला है और छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। पिछले एक-डेढ़ साल से दोनों के बीच अफेयर था। युवक छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि छात्रा दूसरे लड़कों से भी बात करने लगी है।

इससे नाराज होकर उसने अपने बचपन के दोस्त से हमला करवाने की साजिश रची। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे दोनों आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। पटेल मैदान के सामने भीड़ ने पुलिस वाहन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

छात्र-छात्राओं ने करीब डेढ़ घंटे तक बालोद न्यायालय को चारों ओर से घेरकर आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कोर्ट परिसर के अंदर भी गहमागहमी का माहौल रहा। पुलिस ने सुरक्षा के चलते किसी भी व्यक्ति को आरोपियों के पास जाने नहीं दिया।

शाम को आरोपियों को जेल ले जाने के दौरान भी पुलिस को रास्ता बदलना पड़ा। कोर्ट के पीछे के रास्ते से दूसरे वाहन में दोनों आरोपियों को बाहर निकाला गया। वहीं अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों का केस नहीं लड़ने की बात कही। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लैब में उपयोग होने वाला 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड 26 सितंबर को दुर्ग से खरीदा था।

मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है और बालोद शहर के आमापारा में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ पुलिसकर्मी हैं।

मुख्य आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले भैरमगढ़ (बीजापुर) से अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया था। दोस्त अपनी महिला मित्र को भी साथ लेकर आया था। पुलिस के अनुसार, सोमवार को एसिड अटैक से पहले आरोपी ने कमरौद में महिला मित्र की मांग भरकर उससे कथित रूप से शादी की थी।

इसके बाद लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर एसिड अटैक किया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को लगा था कि बाहर से बुलाया गया युवक वारदात के बाद आसानी से निकल जाएगा और पकड़ा नहीं जाएगा। हालांकि, पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त के साथ छात्रा पर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। दोस्त के वारदात के लिए निकलने से पहले मुख्य आरोपी ने उसे एसिड की बोतल दी और छात्रा के बारे में कहा कि उसे अपनी सुंदरता पर गुमान है, उसका चेहरा इस तरह जला देना कि वह देखने लायक न बचे।

सोमवार दोपहर 12:30 वह छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और उसके चेहरे पर एसिड फेंककर फरार हो गया।

एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चिल्लाने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। चेहरे और आंख के आसपास भी जलने के निशान हैं। पीड़िता बालोद शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक छात्रा MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है। अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।

वहीं घटना की जानकारी लगने के बाद संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा रायपुर अस्पताल पहुंचकर छात्रा से मुलाकात कर हाल-चाल जाना। गुंडरदेही विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave Your Comment

Click to reload image