ढाई घंटे तक रॉड-डंडे से पीट-पीटकर सरपंच की हत्या
कोंडागांव
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक सरपंच की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) का एक महिला से अफेयर था। जब यह बात महिला के पति को पता चली तो परिवार के 7 सदस्यों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
29 सितंबर को सरपंच घर लौट रहे थे, तभी जंगल में छिपकर बैठे आरोपियों ने उसे पकड़कर लोहे की रॉड और डंडे से पीटा। हाथ बांधकर थप्पड़ मारे और चप्पल भी बरसाए। आरोपियों ने करीब ढाई घंटे तक सरपंच को पीटा। अधमरी हालत में उसे 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। रातभर आग जलाकर आरोपी वहीं बैठे रहे और सुबह भाग निकले। पुलिस मामला बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, सभी एक ही परिवार के हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम (56) का शव 30 सितंबर की सुबह गांव के तालाब के पास मिला था। सरपंच के शरीर पर चोट के निशान थे।
परिवार वालों ने बताया कि मंगल सिंह 29 सितंबर की शाम करीब 6 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे पंचायत कार्यालय जा रहे हैं। देर रात तक उनके वापस नहीं लौटने पर परिवार को लगा कि वे गांव में मौजूद दूसरे घर में रुक गए होंगे।
अगले दिन सुबह तालाब के पास मंगल सिंह के संदिग्ध हालत में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें फरसगांव अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
30 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे सीएचसी फरसगांव से बड़ेडोंगर पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद जांच शुरू की गई। एफएसएल टीम, साइबर टीम, बड़ेडोंगर थाना और रक्षित केंद्र की टीम को घटनास्थल मौके पर पहुंची।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि सरपंच का एक महिला से अफेयर था। इसी बात को लेकर महिला के परिवार वाले सरपंच से नाराज थे, जिसके बाद उसे मारने की प्लानिंग की। पुलिस ने संदेही मिट्ठू राम नेताम से पूछताछ की जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इस मामले में बड़ेडोंगर थाने में अपराध क्रमांक 22/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में केस दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 61(2)(क) और 191(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के घर से डंडा और लोहे का रॉड बरामद किया गया।