राजधानी

रायपुर में पार्षदों ने जोन कार्यालय में जड़ा ताला,

रायपुर

रायपुर नगर निगम में अब भाजपा के पार्षदों ने ही अपनी ही सरकार और निगम व्यवस्था के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को भाजपा के 6 और कांग्रेस के 1 पार्षद ने मिलकर जोन-8 कार्यालय में तालाबंदी कर दी। पार्षदों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी जोन कमिश्नर और अधिकारी वार्डों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। पार्षदों ने पहले कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन जब वे बाहर नहीं निकले तो कार्यालय में ताला लगा दिया। इसके बाद कर्मचारी अंदर ही कैदरह गए।

जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी पार्षदों के साथ धरने पर बैठ गए। पार्षदों का कहना है कि वार्डों में स्ट्रीट लाइट, पानी और कचरा गाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है। 6 महीने पहले स्ट्रीट लाइट के लिए राशि देने के बाद भी टेंडर नहीं खुला है

इधर, प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब ट्रिपल इंजन की सरकार में भाजपा के पार्षदों को ही अपने काम के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है तो महापौर, जोन अध्यक्ष और एमआईसी को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं, महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि भाजपा की सरकार और महापौर होने का मतलब यह नहीं है कि अधिकारी काम नहीं करेंगे। सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी पड़ेगी।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि इस मामले में लगातार उनके पास फोन आ रहे थे। गुरुवार को जोन अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर ने भी फोन कर बताया था कि बार-बार कहने के बावजूद अधिकारी काम नहीं कर रहे हैं। मुख्यालय से आयुक्त के निर्देश नहीं मिलने का बहाना बनाकर काम टाला जा रहा है।

महापौर ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए कि महापौर भाजपा की हैं और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए अधिकारी काम नहीं करेंगे तो भी कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। चाहे निगम आयुक्त हों, जोन कमिश्नर हों या उनकी पूरी टीम, सभी को गंभीरता और ईमानदारी से काम करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि पार्षदों ने जोन कार्यालय में तालाबंदी की है, यह अधिकारियों के लिए चेतावनी है। अगर काम नहीं होगा तो ऐसी स्थिति फिर बनेगी। काम सभी को करना पड़ेगा और काम करवाना भाजपा के नेताओं को आता है।

Leave Your Comment

Click to reload image