सराफा दुकान में चोरी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर
रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर स्थित न्यू नंदी ज्वेलर्स में चोरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है। सराफा दुकान में नाबालिग समेत 3 आरोपियों ने पुलिस को हिरासत में लिया है।
आरोपियों का नाम कबीर नगर निवासी संजय चौहान, सड्डू निवासी होरी लाल बताया जा रहा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की चांदी के जेवरात, सिक्के, कटोरी, चम्मच और गिलास समेत करीब 4.50 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है। चोरी में इस्तेमाल दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मुताबिक, कुशालपुर स्थित मलसाय तालाब के पास अजय मंडल की न्यू नंदी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 31 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे तो शटर का एक तरफ का ताला टूटा मिला। शटर भी जमीन से उठा हुआ था।
अंदर जाकर सामान की जांच करने पर चांदी के जेवरात और चांदी के सिक्के समेत अन्य सामान गायब मिला। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई गई। शिकायत पर पुरानी बस्ती पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुरानी बस्ती पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और CCTV फुटेज खंगाले।
पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने एक साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उसने चोरी के कुछ जेवरात अपने साथी होरी लाल पंकज को खपाने के लिए देने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने होरी लाल पंकज समेत नाबालिग को पकड़ा। तीनों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मेस्ट्रो दोपहिया वाहन समेत करीब 4.50 लाख रुपए का माल जब्त किया गया।
पुलिस के मुताबिक संजय चौहान शातिर चोर है। उसके खिलाफ रायपुर के डीडी नगर, कोतवाली, गुढ़ियारी समेत अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
वह इन मामलों में जेल भी जा चुका है। वहीं होरी लाल पंकज के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज है और वह उसमें फरार चल रहा था। पुलिस अब उस मामले में भी उसकी गिरफ्तारी करेगी।