रायपुर में सड़क किनारे मिली अधेड़ की लाश:
रायपुर
राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में सड़क किनारे अधेड़ व्यक्ति की लाश मिली है। मृतक की पहचान फाफाडीह निवासी कैलाश निर्मलकर के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। बताया जा रहा है कि उसे शराब पीने की आदत थी और वह शनिवार शाम से लापता था।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक का शव सड़क किनारे नाली में पड़ा हुआ था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।