क्राइम

महादेव घाट में डूबा युवक 30 घंटे बाद भी लापता

रायपुर

राजधानी के महादेव घाट में खारुन नदी में डूबे युवक युधिष्ठिर सारंग (35) का 30 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। युधिष्ठिर अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने परिवार के साथ महादेव घाट पहुंचा था। अस्थि विसर्जन के बाद वह नदी में नहाने गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और एनीकट के पास बने भंवर में फंसकर डूब गया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है। रायपुरा के सतनामी पारा का रहने वाला युधिष्ठिर सारंग अपने जीजा और परिवार के अन्य लोगों के साथ महादेव घाट पहुंचा था।

परिवार के लोग नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान युधिष्ठिर और रामेश्वर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद मछुआरों ने रामेश्वर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन युधिष्ठिर तेज बहाव में आगे बह गया और एनीकट के नीचे गहरे पानी में डूब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। टीम नाव और अन्य संसाधनों की मदद से नदी में लगातार युवक की तलाश कर रही है।

नदी की गहराई, तेज बहाव और एनीकट के पास बने भंवर के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। 30 घंटे बीतने के बाद भी शव नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। घाट पर परिजन लगातार मौजूद हैं और युवक के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस और SDRF की टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image