रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की रेड.
रायपुर
राजधानी में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए पुलिस ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच की गई।
कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन के तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन की दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में जांच अभियान चलाया गया। टीमों ने स्पा सेंटरों में पहुंचकर जरूरी दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
पुलिस ने स्पा सेंटरों में ग्राहकों के रजिस्टर, CCTV कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग की स्थिति की जांच की। इसके अलावा संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, उम्र संबंधी दस्तावेज और स्टाफ रजिस्टर भी देखे गए।
जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र के एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र में अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की बात सामने आई।
पुलिस ने दोनों जगहों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि स्पा सेंटरों की निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।