स्पा सेंटर में कस्टमर्स से सेक्स करने दबाव बनाया
बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली की युवती ने संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती के मुताबिक संचालक उस पर ग्राहकों को खुश करने के लिए देह व्यापार करने का दबाव बनाता था।
युवती ने ऐसा करने से मना किया तो उसकी सैलरी रोक दी गई। आरोप है कि रुकी हुई सैलरी मांगने पहुंचने पर स्पा संचालक और उसके भाइयों ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया।
युवती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती का आरोप है कि स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाते थे। अमन उसे अक्सर प्राइवेट केबिन में ले जाता और उसके साथ गलत तरीके से छूने की हरकत करता था।
युवती ने इन हरकतों का विरोध किया और काम छोड़ने की बात कही तो उसका वेतन रोक दिया गया।
युवती ने बताया कि, साक्ष्य मिटाने स्पा सेंटर में लगे सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दिया गया है। वहीं, अपनी रसूख की धमकी देकर युवती को अपनी पहुंच का डर दिखाया। बाद में अमन सेन ने भी फोन कर गाली-गलौज की और पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी स्पा सेंटर संचालक अमन सेन ने पूर्व एडिशनल एसपी शहर राजेंद्र जायसवाल पर काम करने के एवज में पैसा मांगने का आरोप लगाया था। उसने एसपी कार्यालय में अपना और एएसपी के बीच कुछ बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एसपी को सस्पेंड कर विभागीय जांच का आदेश दिया गया था।
पीड़िता ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने मोबाइल छीन लिया। आरोप है कि उसने अश्लील गालियां देते हुए मुक्के से मारपीट की और दायां हाथ मरोड़ दिया। इससे उसके हाथ और कंधे में चोट आई।