टीचर ने 10th की स्टूडेंट से न्यूड वीडियो मांगे:नहीं भेजने पर एग्जाम में फेल करने की धमकी दी,
कांकेर
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में टीचर ने छात्रा को अश्लील वीडियो भेजे और उसे भी अपना न्यूड वीडियो भेजने का दबाव बनाया। आरोपी आशीष मंडल (30) हायर सेकेंडरी स्कूल मरोड़ा में मैथ्स पढ़ाता था। एक्स्ट्रा क्लास लेने के बहाने उसने नंबर लिया और मैसेज भेजने लगा। मामला बांदे थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि आशीष मंडल ने छात्रा को एग्जाम में फेल करने का भी डर दिखाया। मानसिक रूप से परेशान लड़की ने अपनी मां को सारी बात बताई, जिसके बाद थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी टीचर को अरेस्ट कर लिया है। उस पर POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशीष मंडल (30) मैथ्स का टीचर है। वह मरोड़ा के हायर सेकेंडरी स्कूल में पिछले 10 साल से पदस्थ है। 16 अगस्त को उसने एक्स्ट्रा मैथ्स की क्लास ली थी। इस दौरान उसने 10वीं की छात्रा का मोबाइल नंबर लिया।
आरोप है कि इसके बाद वह उसे अश्लील मैसेज भेजने और उससे न्यूड फोटो-वीडियो भेजने के लिए दबाव बनाने लगा। ऐसा नहीं करने पर छात्रा पर मानसिक दबाव बनाने लगा और उसे एग्जाम में फेल करने का डर भी दिखा रहा था। दबाव बनाए जाने की बात सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
बांदे पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ BNS की धारा 75, POCSO एक्ट की धारा 12 और IT एक्ट की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और जब्त मोबाइल फोन को भी कार्रवाई का हिस्सा बनाया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को जिला जेल कांकेर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।