क्राइम

भटगांव पुलिस की लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई, दो शराब कोचिए गिरफ्तार ठरकपुर और गदहभाठा में छापेमारी, 30 लीटर महुआ शराब जब्त; आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 20 अगस्त

अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए भटगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना भटगांव पुलिस ने ग्राम ठरकपुर और गदहभाठा में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 30 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची महुआ शराब जब्त की है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 20 अगस्त को दोनों गांवों में दबिश दी।


कार्रवाई के दौरान गरीब दास (45 वर्ष), निवासी ग्राम ठरकपुर के कब्जे से 20 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग ₹4,000) तथा हलधर निराला (59 वर्ष), निवासी ग्राम गदहभाठा के कब्जे से 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब (कीमत लगभग ₹2,000) बरामद की गई।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर उप जेल सारंगढ़ भेज दिया गया।
भटगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image