क्राइम

भिलाई में चॉकलेट देने के बहाने 3 बच्चियों से रेप

दुर्ग-भिलाई

छत्तीसगढ़ के भिलाई में 3 नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप 59 साल के एक दुकानदार पर है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बच्चियों को चॉकलेट और नड्डा देने का लालच देकर अपनी दुकान में बुलाता था। वहां उसने तीनों बच्चियों से रेप किया।

मामले की शिकायत सोमवार रात छावनी थाने में की गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। तीनों बच्चियों के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, तीनों बच्चियों की उम्र करीब 8 से 9 साल बताई जा रही है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराया है। उनके बयान भी लिए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट, बच्चियों के बयान और दूसरे सबूतों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, नड्डा-मुरकू की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह बच्चों को चॉकलेट और नड्डा देने के बहाने अपने पास बुलाता था। इसी दौरान बच्चियों के साथ अनैतिक कृत्य किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी ने कितनी बार और किन परिस्थितियों में बच्चियों को अपने पास बुलाया था।

छावनी सीएसपी प्रशांत कुमार पैकरा ने बताया कि बच्चियों के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के साथ दूसरे तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रहे हैं। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image