क्राइम

84 साल के बुजुर्ग से ऑटो में लूट! चालक ने धक्का देकर गिराया, साथी ने उठाए 2500 रुपये

भिलाईनगर, 10 अगस्त 2026

पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो से घर लौट रहे 84 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी से मारपीट कर 2500 रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक ने बुजुर्ग की जेब से रुपये निकालने की कोशिश की और विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसी दौरान ऑटो में बैठे उसके साथी ने नीचे गिरे रुपये उठा लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गए।

विजय मिश्रा, ब्यूरो चीफ दुर्ग-भिलाई

घर लौट रहे थे 84 वर्षीय सेवानिवृत्त अधिकारी

छावनी पुलिस के अनुसार, उमाशंकर श्रीवास्तव (84 वर्ष) भिलाई इंजीनियरिंग कॉर्पोरेशन में एडिशनल जनरल मैनेजर के पद से वर्ष 2009 में सेवानिवृत्त हुए हैं। रविवार दोपहर करीब 3 बजे वे जवाहर मार्केट पावर हाउस से सामान खरीदकर ऑटो क्रमांक CG 07 T 3083 से कैलाश नगर, जामुल स्थित अपने घर लौट रहे थे।

ऑटो में चालक के अलावा उसका एक साथी भी सवार था।

रुपये निकालने की कोशिश, विरोध पर दिया धक्का

नंदिनी रोड पर राजस्थान होटल के पास ऑटो चालक ने महाराणा प्रताप बारदाना दुकान के सामने वाहन रोक दिया। आरोप है कि इसके बाद चालक ने बुजुर्ग की शर्ट की ऊपरी जेब में रखे 2500 रुपये निकालने की कोशिश की।

उमाशंकर ने विरोध करते हुए चालक का हाथ पकड़ना चाहा। इसी दौरान रुपये नीचे गिर गए और चालक ने बुजुर्ग को धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने के बाद ऑटो में बैठे दूसरे व्यक्ति ने नीचे पड़े रुपये उठा लिए।

इसके बाद दोनों आरोपी ऑटो लेकर मौके से फरार हो गए।

शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोग

बुजुर्ग के शोर मचाने पर आसपास के दो लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें उठाया। उमाशंकर ने दोनों को घटना की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे आरोपियों को नाम से नहीं जानते, लेकिन सामने आने पर पहचान सकते हैं।

CCTV और ऑटो नंबर से आरोपियों की तलाश

शिकायत पर छावनी पुलिस ने ऑटो चालक और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ऑटो नंबर CG 07 T 3083 के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image